अच्छी खबर : पहल ऐप पर अब मिलेगी जीडीए सम्पत्ति की जानकारी, एनओसी भी ऑनलाइन
-क्रेडाई के कार्यक्रम में जीडीए उपाध्यक्ष ने दी जानकारी

गाजियाबाद, 23 अप्रैल (हि.स.)। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के आवंटियों के लिए एक बहुत ही अच्छी खबर है। उन्हें सम्पत्ति से सम्बंधित जानकारी, एनओसी, किश्तों के ब्यौरे के लिए जीडीए दफ्तर के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। अब उन्हें सब कुछ जानकारी मोबाइल ऐप पर घर बैठे मिल जायेगी। साथ ही किस्तें स्वतः रीशेड्यूल भी हो जाएंगी।
जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने बुधवार को कौशाम्बी में क्रेडाई के कार्यक्रम में अपने पहल पोर्टल के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जीडीए ने आम जनता की सुविधा के लिए पहल ऐप (पब्लिक एक्सेस फ़ॉर हाउसिंग एंड अलॉटमेंट लॉगिन) तैयार कराया है और उसकी लॉन्चिंग की तैयारी पूरी हो चुकी है। जिससे आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी। अतुल वत्स ने बताया कि पहल पोर्टल लॉन्च किया जा रहा है। यह पोर्टल पूरी तरह तैयार हो चुका है और मंगलवार को उनके समक्ष इसका प्रजेंटेशन प्रस्तुत किया जा चुका है।
-जनता को मिलेगी बड़ी राहत
जीडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि पोर्टल के माध्यम से अब आम नागरिकों को जीडीए कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। हर प्रॉपर्टी को एक यूनिक आईडी दी जाएगी, जिससे सम्बंधित आवंटी पोर्टल पर लॉगिन कर अपनी सम्पत्ति की पूरी जानकारी देख सकेगा। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और लोगो को जीडीए दफ्तर के चक्कर काटने से मुक्ति मिलेगी।
-एनओसी की प्रक्रिया होगी डिजिटल
उन्होंने बताया कि अब अगर कोई व्यक्ति अपनी प्रॉपर्टी की पूरी राशि जमा कर देता है, तो उसे एनओसी के लिए कार्यालय के चक्कर नहीं काटने होंगे। पोर्टल के जरिए वह सीधे एनओसी के लिए आवेदन कर सकेगा, और डिजिटल सिग्नेचर के साथ एनओसी की पीडीएफ उसकी आईडी पर उपलब्ध हो जाएगी। इससे बैंक लोन, प्रॉपर्टी ट्रांसफर आदि कार्यों में सरलता आएगी।
-किस्तें स्वतः रीशेड्यूल होंगी
श्री वत्स ने बताया कि यदि किसी आवंटी ने निर्धारित किस्तों से अधिक राशि एक साथ जमा कर दी, तो उसकी बाकी किस्तें आरबीआई की गाइडलाइंस के अनुसार अपने आप रीशेड्यूल हो जाएंगी। पहले यह प्रक्रिया मैनुअल होती थी, जिससे लोगों को काफी परेशानी होती थी। अतुल वत्स के अनुसार, यह पोर्टल उत्तर प्रदेश के सभी विकास प्राधिकरणों में सबसे अधिक उन्नत और तकनीकी रूप से सक्षम पोर्टल होगा। इससे आवंटन से लेकर भुगतान और दस्तावेज़ों तक की सभी सूचनाएं पारदर्शी और आसानी से उपलब्ध होंगी।