वाराणसी पर अब तक नहीं जीत सकी कोई महिला प्रत्याशी
वाराणसी पर अब तक नहीं जीत सकी कोई महिला प्रत्याशी

लखनऊ, 31 मई । पूर्वांचल की अहम संसदीय सीट वाराणसी से अब तक कोई महिला प्रत्याशी जीत हासिल नहीं कर सकी है। यहां से कुल 8 महिला प्रत्याशियों ने दांव लगाया लेकिन कोई भी महिला प्रत्याशी जीत का खाता नहीं खोल सकी। वाराणसी लोकसभा क्षेत्र के मतदाताओं ने किसी महिला प्रत्याशियों को सांसद में रूप में नहीं चुना है।
वहीं, चुनावों में इस बार किसी राजनीतिक पार्टी ने अपना दांव महिलाओं पर नहीं खेला है। इस लोकसभा क्षेत्र को अस्तित्व में आने के बाद कुल 17 चुनाव हो चुके हैं। इनमें से पांच चुनावों में महिला प्रत्याशियों ने अपना भाग्य आजमाया है, लेकिन किसी चुनाव में उन्हें सफलता हाथ नहीं लगी।
1996 में मैदान में उतरी महिला प्रत्यशी
वाराणसी सीट से 1996 में पहली बार तीन महिला चुनावी मैदान में उतरी थी। इनमें मुस्तारी, कृष्णा निगम और मदीना बेगम शामिल थी। लोकसभा चुनाव में मुस्तारी को 1962, कृष्णा को 1294 और मदीना को 664 मत मिले थे।
इसके बाद 1998 और 1999 के चुनाव को छोड़ दें तो सभी में महिलाएं मैदान में उतरीं। इस लोकसभा क्षेत्र में सबसे पहला चुनाव वर्ष 1952 में हुआ, उसमें पांच पुरुष प्रत्याशी मैदान में थे। वर्ष 1952 से लेकर 1991 तक 10 आम चुनाव में कोई महिला चुनावी महासमर में भाग्य आजमाने नहीं उतरी।
2004 और 2009 में एक-एक महिला प्रत्याशी
14वीं लोकसभा के 2004 में हुए चुनाव में वाराणसी के चुनावी अखाड़े में 18 प्रत्याशी उतरे। इसमें एक महिला प्रत्याशी अंजना प्रकाश थी। समाजवादी पार्टी की टिकट पर मैदान में उतरी अंजना प्रकाश को 59104 वोट मिले। वो पांचवें स्थान पर रही। वहीं 2009 के चुनाव में राष्ट्रीय अग्रणी दल की ऊषा सिंह ने अपनी किस्मत आजमाई। ऊषा को 721 वोट मिले।
पिछले दो चुनाव का हाल
2014 के आम चुनाव में वाराणसी से 42 प्रत्याशियों ने अपनी किस्मत आजमाई। इसमें आल इण्डिया तृणमूल कांग्रेस की इन्दिरा तिवारी शामिल थीं। इन्दिरा को 2674 वोट मिले। वाराणसी सीट से 2019 में दो महिला चुनावी मैदान में उतरी थीं। इनमें शालिनी यादव और हेमा शाहिद शामिल थी। लोकसभा चुनाव में सपा प्रत्याशी शालिनी यादव को 195,159 और हेमा को 1914 मत मिले थे। ये चुनाव भाजपा प्रत्याशी पीएम नरेन्द्र मोदी ने जीता था।
सबसे अधिक मत शालिनी को मिले
वाराणसी लोकसभा सीट के इतिहास में सबसे अधिक मत लेने वाली महिलाओं में शालिनी यादव पहले नंबर पर हैं। वह वर्ष 2019 में समाजवादी पार्टी की टिकट पर यहां से चुनाव लड़ी थीं। उन्हें एक लाख 95 हजार 159 मत मिले थे। इसके साथ पर दूसरे स्थान पर रही थीं। उस साल भाजपा के प्रत्याशी पीएम नरेन्द्र मोदी सांसद चुने गए थे।