प्रयागराज: बकरी विवाद में हुई हत्या का खुलासा, तीन और आरोपी गिरफ्तार, आला-ए-कत्ल बरामद
बकरी के विवाद में जान लेने वाले 3 और आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
प्रयागराज, 29 अप्रैल । प्रयागराज जिले में स्थित घूरपुर थाना की पुलिस टीम ने क्षेत्र बकरी चराने के विवाद में हुई हत्या मामले के तीन और नामजद आरोपितों को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। पलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का टुकड़ा भी बरामद कर लिया है।
डीसीपी यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि थाना घूरपुर में दर्ज हत्या के मुकदमे में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही थी। बुधवार को मिली सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपित मोहम्मद शहबान उर्फ गुड्डू, मोहम्मद सलमान और फैजान अली उर्फ अब्दुल को बलीपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि 27 अप्रैल को उनकी बकरी निसार अहमद के घर चली गई थी। इस दौरान निसार अहमद के बेटे मोहम्मद हुसैन ने बकरी को ईंट मार दी, जिससे उसकी आंख में चोट लग गई। इसी बात की शिकायत लेकर आरोपित पक्ष निसार अहमद के घर पहुंचा था। विवाद बढ़ने पर मोहम्मद शहबान उर्फ गुड्डू ने पास में पड़ी मोटी लकड़ी उठाकर निसार अहमद के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि आरोपित शहबान की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का टुकड़ा बरामद कर लिया गया है। इससे पहले 28 अप्रैल को इसी मामले में आरोपित मोहम्मद राशिद को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
डीसीपी ने कहा कि हत्या के मामले में सभी मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली गई है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।