मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए मतदान शुरू, गौतमबुद्ध नगर में 42 बूथों पर वोटिंग
जिले के 13 मतदान केंद्रों पर सुबह 8 बजे से मतदान; स्नातक निर्वाचन में 12,754 और शिक्षक निर्वाचन में 13,104 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग
नोएडा, 23 अक्टूबर। मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद चुनाव के लिए आज सुबह से जनपद गौतमबुद्ध नगर के 13 मतदान केन्द्राें के 42 बूथों पर आठ बजे से मतदान शुरू हुआ। दोनों निर्वाचन क्षेत्र में कुल 18 प्रत्याशी मैदान में हैं जिनकी किस्मत मत पेटियों में आज शाम काे बंद हो जाएंगी। पोलिंग पार्टियां कल शाम ही मतदान के लिए निर्धारित बूथों पर पहुंच गईं थीं। यह चुनाव वैलेट पेपर से कराया जा रहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम ने बताया कि एमएलसी स्नातक निर्वाचन के लिए जनपद गौतमबुद्ध नगर में 12 हजार 754 और शिक्षक निर्वाचन के लिए 13 हजार 104 मतदाता हैं। ये लोग अपने मताधिकार का प्रयोग आज कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मतदान के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। यह लोग लगातार भ्रमण कर रहे हैं। उच्च अधिकारी भी मतदान प्रक्रिया पर लगातार नजर रखे हुए हैं। जिला प्रशासन ने मतदान केन्द्राें पर जरूरी निर्वाचन सामग्री उपलब्ध करा दी है। उन्होंने कहा कि मतदान से जुड़ी जानकारी देने या शिकायत दर्ज करने के लिए मतदाता और अन्य संबंधित लोग हेल्पलाइन नंबर 0102-02978702 पर संपर्क कर सकते हैं।