श्रीकृष्ण जन्मभूमि की 13.37 एकड़ भूमि पर अतिक्रमण का आरोप, हिंदू महासभा ने सौंपा शिकायती पत्र
श्रीकृष्ण जन्मभूमि की 13.37 एकड़ भूमि पर अतिक्रमण का आरोप, हिंदू महासभा ने सौंपा शिकायती पत्र
मथुरा, 23 नवंबर। अखिल भारत हिंदू महासभा ने सोमवार दोपहर श्रीकृष्ण जन्मभूमि की 13.37 एकड़ भूमि पर कथित अवैध अतिक्रमण और भूमि के दुरुपयोग के आरोपों को लेकर विरोध दर्ज कराते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और थानाध्यक्ष गोविंद नगर को शिकायती पत्र सौंपा है। महासभा ने अतिक्रमणकारियों और कथित रूप से उन्हें संरक्षण देने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
यह शिकायती पत्र महासभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष राजश्री चौधरी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनिल त्रिपाठी, राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र कौशिक और जिला कार्यकारी अध्यक्ष राजवीर दीक्षित के नेतृत्व में राष्ट्रीय व जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से प्रस्तुत किया गया।
महासभा ने अपनी शिकायत में महाराजा पटनीमल के वंशजों तथा महामना पं. मदन मोहन मालवीय, गणेश दत्त और बी.एल. आत्रेय के मध्य हुए ऐतिहासिक विक्रय विलेख का संदर्भ दिया है। पदाधिकारियों के अनुसार, इस विक्रय विलेख में इलाहाबाद उच्च न्यायालय के वर्ष 1935 के निर्णय का उल्लेख है, जिसमें संपूर्ण 13.37 एकड़ भूमि को विवाद और भार से मुक्त बताते हुए इसे भगवान केशवदेव का परिसर माना गया था और इसका रखरखाव खरीदारों व उनके द्वारा अधिकृत व्यक्तियों के माध्यम से किए जाने की व्यवस्था तय की गई थी।
पदाधिकारियों ने आरोप लगाया है कि न्यायालय के आदेश एवं विक्रय विलेख की शर्तों के विपरीत परिसर की भूमि पर अतिक्रमण हुआ है और एक हिस्से का दुरुपयोग किया जा रहा है। महासभा ने प्रशासन से अवैध कब्जा हटाने व संबंधित के खिलाफ कठोर कदम उठाने का अनुरोध किया है।
प्रवास के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राधाकुंड में आकाशदीप प्रज्वलित कर देवउठनी एकादशी का पर्व मनाया। इसके अतिरिक्त, 20 नवंबर 2026 को प्रतिनिधिमंडल ने वृंदावन में निर्माणाधीन इस्कॉन चंद्रोदय मंदिर के निर्माण स्थल का भ्रमण किया तथा मंदिर के अनुष्ठान के लिए महासभा की ओर से चांदी की सिल्ली भेंट की। इस दौरान जिला प्रभारी राजवीर दीक्षित, जिला महामंत्री सियाराम तिवारी, जिला उपाध्यक्ष रवि पाराशर, मुकेश कुमार, जिला संगठन मंत्री राम शर्मा, दीपक कौशिक, रामप्रकाश दीक्षित, आशु दीक्षित, मोहित सिंह, बिहारी लाल, राकेश चौधरी, नरेंद्र दीक्षित और अमित कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।