उत्तर प्रदेश में 16 IAS अधिकारियों का तबादला, कई जिलों के DM बदले; 4 PCS अफसरों को भी नई जिम्मेदारी
उत्तर प्रदेश में 16 IAS अधिकारियों का तबादला, कई जिलों के DM बदले; 4 PCS अफसरों को भी नई जिम्मेदारी
लखनऊ, 16 नवंबर । उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल का सिलसिला लगातार जारी है। इसी कड़ी में राज्य सरकार ने सोमवार शाम को 16 आईएएस अफसरों का स्थानंतरण किया है। इनमें कई जिलों के जिलाधिकारी और दो मंडलायुक्त समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी शामिल हैं। इसके अलावा चार पीसीएस अफसरों का भी तबादला हुआ है।
तबादले के क्रम में कानपुर के मंडलायुक्त के विजयेंद्र पांडियन काे वाराणसी का नया मंडलायुक्त बनाया गया है। वहीं वाराणसी के मंडलायुक्त एस.राजलिंगम को इसी पद पर कानपुर भेजा गया है। दोनों अफसरों की अदला-बदली की गई है। वहीं, रविकुमार एनजी को ग्रेटर नोएडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी, स्थानिक आयुक्त और आयुक्त एनसीआर के पद से हटाकर उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यपालक अधिकारी तथा आयुक्त एवं निदेशक, उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग बनाया गया है। डॉ. बलकार सिंह को मुख्य कार्यपालक अधिकारी उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण से हटाकर ग्रेटर नोएडा का मुख्य कार्यपालक अधिकारी, स्थानिक आयुक्त और आयुक्त एनसीआर की जिम्मेदारी दी गई है।
श्रमायुक्त सौम्या अग्रवाल को प्रबंध निदेशक उत्तर प्रदेश राज्य वस्त्र निगम, स्टेट स्पिनिंग कंपनी, स्टेट यार्न कंपनी और सहकारी कताई मिल्स संघ के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसके साथ ही उन्हें उत्तर प्रदेश टेक्सटाइल एवं अपैरल पार्क औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी का भी अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
इसी तरह अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक (बैंकिंग) सहकारी समितियां अनिल कुमार सिंह को भदोही का जिलाधिकारी और भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया है। भदोही के जिलाधिकारी शैलेश कुमार को चंदौली का जिलाधिकारी बनाया गया है।
चंदौली के जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग को मुख्यमंत्री का विशेष सचिव, रमेश रंजन को अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त राजस्व परिषद लखनऊ से गोंडा जिले का नया जिलाधिकारी बनाया है। गोंडा की जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन को विशेष सचिव, नगर विकास के पद पर भेजा गया है। स्थानांतरणाधीन उमेश मिश्रा को जौनपुर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
जौनपुर के जिलाधिकारी सैमुएल पॉल एन को अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक (बैंकिंग), सहकारी समितियां की जिम्मेदारी मिली है। मनोज कुमार राय को श्रावस्ती का नया जिलाधिकारी बनाया है। इससे पहले वह विशेष सचिव, नागरिक सुरक्षा एवं राजनैतिक पेंशन के पद पर तैनात थे।
श्रावस्ती की जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग को विशेष सचिव, बाल विकास एवं पुष्टाहार और शामली के जिलाधिकारी आलोक यादव को विशेष सचिव, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स का पदभार सौंपा गया है। वहीं, ग्रेटर नोएडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रवीण वर्मा को शामली का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया है।
चार पीसीएस अधिकारियों का ट्रांसफर
शासन ने चार पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस बदलाव में रेणुका दीक्षित को इटावा के उपजिलाधिकारी पद से हटाकर शामली का उपजिलाधिकारी बनाया है। डा. विश्व भूषण को उपसचिव उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से संयुक्त निदेशक, स्थानीय निकाय निदेशालय, आगरा के उप जिलाधिकारी अभिनव पाठक को उपजिलाधिकारी प्रयागराज मेला प्राधिकरण और प्रयागराज विकास प्राधिकरण में विशेष कार्याधिकारी बनाया गया है। वहीं, सौम्य मिश्रा को स्थानांतरणाधीन उपजिलाधिकारी से प्रयागराज मेला प्राधिकरण और प्रयागराज विकास प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी पद से हटाकर आगरा का उपजिलाधिकारी नियुक्त किया है।
उल्लेखनीय है कि शासन ने इससे पहले चार आईएएस, 55 पीसीएस के अलावा बड़े पैमाने में नायब तहसीलदारों के तबादले किये गए थे। आने वाले दिनों में भी कुछ और तबादले देखने को मिल सकते हैं। यह स्थानांतरण आगामी विधानसभा चुनाव को मद्देनजर अधिकारियाें की तैनाती अवधि देखते हुए हो रहे हैं।