शुद्ध दूध की उपलब्धता के लिए सभी पालें एक गाय : बृजभूषण

शुद्ध दूध की उपलब्धता के लिए सभी पालें एक गाय : बृजभूषण

शुद्ध दूध की उपलब्धता के लिए सभी पालें एक गाय : बृजभूषण

बाराबंकी 14 फ़रवरी।पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने दुल्हादेपुर स्थित श्री राम जानकी मंदिर बजरंग व्यायाम शाला में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में जातिवाद और बाजार में बढ़ती मिलावटखोरी पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने लोगों से एकजुट रहने और शुद्धता बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने देश भर में चल रहे राजनीतिक जातिवादी संग्राम पर टिप्पणी करते हुए कहा कि लोग जातियों में बंटते जा रहे हैं। पहले केवल कर्म के आधार पर चार जातियां थीं, लेकिन अब जातियों के अंदर भी उप-जातियां बन रही हैं, जिसका मुख्य उद्देश्य व्यक्तिगत लाभ प्राप्त करना है।बृजभूषण सिंह ने लोगों को संबोधित करते हुए शुद्ध दूध की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी से एक गाय पालने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यदि बड़ी गाय संभव न हो, तो कम दूध देने वाली देशी गाय ही पालें। उन्होंने बाजार में बढ़ती मिलावटखोरी पर चिंता जताते हुए कहा कि हर चीज में मिलावट है और जहर बेचा जा रहा है। उन्होंने पनीर जैसे उत्पादों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए।

पहलवानी गुरु बाबा हरिशंकर दास की पुण्यतिथि पर सगे भाई समान बाबा बलराम दास द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम एकता को बढ़ावा देता है और गरीबों को आपस में जोड़ता है। कार्यक्रम के छठे दिन वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह और वस्त्र वितरण का आयोजन किया गया। इस दौरान हजारों महिलाओं को साड़ियां और पुरुषों को अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद सभी उपस्थित लोगों को प्रसाद भोजन वितरित किया गया।

पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह शनिवार को दोपहर करीब 12:30 बजे हेलीकॉप्टर से कार्यक्रम स्थल पहुंचे। हेलीपैड और मंच पर उनके समर्थकों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना भी की। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर राहुल चौहान, रवि सिंह, प्रहलाद कुमार विमल और कुलदीप सिंह सौरभ दास अयोध्या हनुमानगढ़ी के महंत मनीराम दास, अमन दास, श्रवण दास सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।