कुंभ मेला हिंदू समाज को सांस्कृतिक रूप से एकजुट करने का महत्वपूर्ण अवसर: श्रीमहंत रविंद्रपुरी
कुंभ मेला हिंदू समाज को सांस्कृतिक रूप से एकजुट करने का महत्वपूर्ण अवसर: श्रीमहंत रविंद्रपुरी
हरिद्वार, 19 नवंबर। विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने बुधवार को निरंजनी अखाड़ा पहुंचकर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज से भेंट की। इस दौरान आगामी कुंभ मेला तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
विहिप के राष्ट्रीय संरक्षक एवं श्रीराम जन्मभूमि मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी दिनेश जी, विहिप के संयुक्त केंद्रीय मंत्री हरिशंकर एवं राज्यमंत्री नितिन गौतम ने श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज से मुलाकात की। श्रीमहंत ने मां मनसा देवी का चित्र भेंट कर और शॉल ओढ़ाकर सभी अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि कुंभ मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि हिंदू समाज को सांस्कृतिक रूप से एकजुट करने का महत्वपूर्ण अवसर भी है। कुंभ के दौरान अखाड़ों के संत-महापुरुष समाज को धार्मिक मार्गदर्शन देने के साथ-साथ सनातन संस्कृति और सामाजिक एकता के प्रति जागरूक भी करेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रयागराज की तर्ज पर सभी अखाड़ों और धार्मिक संस्थाओं के सहयोग से हरिद्वार कुंभ मेला दिव्य और भव्य स्वरूप में संपन्न होगा। केंद्र और उत्तराखंड सरकार संतों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बेहतर व्यवस्थाएं कर रही हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं कुंभ कार्यों पर नजर बनाए हुए हैं। संतों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए अखाड़ा परिषद कुंभ मेला प्रशासन से निरंतर संपर्क में है।
विहिप के राष्ट्रीय संरक्षक दिनेश जी ने कहा कि कुंभ मेला विश्व का सबसे बड़ा धार्मिक समागम और सनातन संस्कृति की विशिष्ट पहचान है। कुंभ के दौरान विहिप द्वारा कई सेवा प्रकल्पों का आयोजन किया जाएगा। संयुक्त केंद्रीय मंत्री हरिशंकर एवं राज्यमंत्री नितिन गौतम ने कहा कि कुंभ जैसे बड़े आयोजन में करोड़ों लोग शामिल होते हैं, जिससे सामाजिक समरसता की भावना मजबूत होती है।
इस अवसर पर निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी, महंत राज गिरी सहित कई संत-महंत मौजूद रहे।