जन सुनवाई में ‘आत्महत्या’ की बात पर भड़के मुख्यमंत्री मोहन माझी, लोगों से संयम बरतने की अपील
जन सुनवाई में ‘आत्महत्या’ की बात पर भड़के मुख्यमंत्री मोहन माझी, लोगों से संयम बरतने की अपील
भुवनेश्वर, 11 अगस्त ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन माझी ने सोमवार को भुवनेश्वर में आयोजित जन शिकायत सुनवाई के दौरान 'आत्महत्या' जैसे शब्द के उल्लेख पर कड़ा विरोध जताया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे धैर्य बनाए रखें और समस्याओं के समाधान के लिए सरकार की प्रक्रिया पर भरोसा रखें, न कि कोई चरम कदम उठाएं।
यह घटना तब हुई जब एक बुजुर्ग आवेदक ने अपनी समस्या बताते हुए आत्महत्या का संकेत दिया। मुख्यमंत्री माझी ने तुरंत उसे रोकते हुए इस तरह की बातों को सख्त लहजे में नकारा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कृपया ऐसा शब्द भी मत बोलिए। अगर आपकी शिकायत सही है, तो न्याय जरूर मिलेगा। मैं स्वयं यहां इसलिए उपस्थित हूं कि आपकी समस्याएं सुन सकूं और उचित कार्रवाई कर सकूं।
उन्होंने आगे कहा कि उनकी व्यक्तिगत मौजूदगी इस बात का प्रमाण है कि सरकार नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से ले रही है। मुख्यमंत्री ने यह भी आश्वासन दिया कि जो भी शिकायत उनके पास पहुंचेगी, उसे पूरी संवेदनशीलता के साथ देखा जाएगा और समाधान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आपको मनुष्य का जीवन मिला है । आप आत्महत्या जैसी बातें क्यों कर रहे हैं ।
मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे कानूनी और संस्थागत माध्यमों से अपनी शिकायतों का समाधान तलाशें और किसी भी परिस्थिति में हताश होकर आत्मघाती कदम न उठाएं।