देव दीपावली पर दशाश्वमेध घाट पर गूंजेगी शिव महिमा, 151 लीटर दूध से होगा मां गंगा का अभिषेक

देव दीपावली पर दशाश्वमेध घाट पर गूंजेगी शिव महिमा, 151 लीटर दूध से होगा मां गंगा का अभिषेक

देव दीपावली पर दशाश्वमेध घाट पर गूंजेगी शिव महिमा, 151 लीटर दूध से होगा मां गंगा का अभिषेक

वाराणसी, 22 नवंबर। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी में देव दीपावली के अवसर पर 24 नवम्बर की शाम प्राचीन दशाश्वमेध घाट पर शिव महिमा, मां गंगा की आराधना और सनातन संस्कृति की अनुपम छटा देखने को मिलेगी। इस अवसर पर गंगोत्री सेवा समिति की ओर से भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। आयोजन में जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां गंगा का पूजन और 151 लीटर दूध से अभिषेक होगा, वहीं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पर्यावरण अनुकूल दीपदान भी किया जाएगा।

रविवार को आयोजित प्रेसवार्ता में समिति के संस्थापक अध्यक्ष पं. किशोरी रमण दुबे 'बाबू महाराज' और सचिव पं. दिनेश शंकर दुबे ने आयोजन की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समिति अपनी 36 वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुरूप इस वर्ष भी वैदिक विधि-विधान से मां गंगा का पूजन, स्तवन और दुग्धाभिषेक करेगी। गंगा तट पर स्थापित मां गंगा की 108 किलोग्राम वजनी अष्टधातु प्रतिमा आयोजन का विशेष आकर्षण होगी। इसके साथ ही दशाश्वमेध घाट को लगभग 500 किलोग्राम देशी-विदेशी फूलों से भव्य रूप में सजाया जाएगा।

समिति के संस्थापक अध्यक्ष बाबू महाराज ने बताया कि इस वर्ष महाआरती में 21 बटुक और 21 डमरुदल के सदस्य शामिल होंगे। डमरुओं की गूंज, शंखनाद और वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा गंगा तट भक्तिमय हो उठेगा। महाआरती में ऋद्धि-सिद्धि के स्वरूप में बेटियां नेतृत्व करेंगी। इसके माध्यम से नारी शक्ति के सम्मान और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया जाएगा।

आयोजन की अध्यक्षता सुमेरु पीठ के शंकराचार्य स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती करेंगे। महाआरती के उपरांत गीतकार कन्हैया दुबे 'केडी' के संयोजन में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा। कार्यक्रम का संचालन नमामि गंगे के काशी क्षेत्र संयोजक राजेश शुक्ला करेंगे।

वहीं, देव दीपावली के अवसर पर पौराणिक केदार घाट पर भी पं. संदीप कुमार दुबे के संयोजन में मां गंगा की भव्य आरती आयोजित की जाएगी। दोनों आयोजनों में जनप्रतिनिधियों, देश-विदेश से आमंत्रित विशिष्ट अतिथियों और विभिन्न प्रतिष्ठित बैंकों के अधिकारियों की सहभागिता रहेगी। गंगोत्री सेवा समिति का यह आयोजन धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को एक साथ जनमानस तक पहुंचाने का प्रयास होगा।