देव दीपावली पर काशी के 84 घाटों पर जगमगाएंगे लाखों दीप, गंगापार रेती में भी दिखेगी भव्य छटा

देव दीपावली पर काशी के 84 घाटों पर जगमगाएंगे लाखों दीप, गंगापार रेती में भी दिखेगी भव्य छटा

देव दीपावली पर काशी के 84 घाटों पर जगमगाएंगे लाखों दीप, गंगापार रेती में भी दिखेगी भव्य छटा

वाराणसी, 22 नवम्बर  उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में देव दीपावली का पर्व इस वर्ष 24 नवंबर को भव्यता के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर आदि केशव घाट से लेकर सामने घाट तक गंगा के दोनों तटों पर लाखों दीपों की जगमगाहट देखने को मिलेगी। गंगा घाटों के साथ ही गंगापार रेती में भी दीपों की अनुपम छटा बिखरेगी। आयोजन को लेकर 84 घाटों पर समितियों का गठन किया गया है। इसके अलावा काशी के कुंडों, तालाबों, पोखरों, मंदिरों और मठों में भी दीपदान का आयोजन किया जाएगा।

यह जानकारी रविवार को गोलघर मैदागिन स्थित पराड़कर स्मृति भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में केंद्रीय देव दीपावली महासमिति काशी के संस्थापक-अध्यक्ष पं. नारायण गुरु ने दी। उन्होंने बताया कि देव दीपावली के भव्य आयोजन के लिए 15 सदस्यीय कोर कमेटी बनाई गई है, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के लोग शामिल हैं। आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कोर कमेटी समन्वय का कार्य करेगी।

पं. नारायण गुरु ने बताया कि काशी के 102 से अधिक कुंडों एवं पोखरों पर भी देव दीपावली का आयोजन किया जा रहा है। 84 घाटों के अलावा गंगापार, सामनेघाट और रामनगर घाट पर भी दीपोत्सव की विशेष व्यवस्था की गई है। देव दीपावली अब केवल घाटों तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि इसका विस्तार काशी के विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों तक हो चुका है।

छह घाटों से शुरू हुई थी परंपरा

पं. नारायण गुरु ने बताया कि केंद्रीय देव दीपावली महासमिति काशी की ओर से देव दीपावली की शुरुआत वर्ष 1985 में छह घाटों से की गई थी। इनमें जटार घाट, राजा ग्वालियर घाट, बालाजी घाट, कोनिया घाट, बिंदु माधव घाट और गरवा घाट शामिल थे। उस समय इन छह घाटों पर लगभग आठ हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाते थे। वर्ष 1986 में आयोजन छह से बढ़कर 10 घाटों तक पहुंचा। वर्ष 1990 में इसका विस्तार और घाटों तक हुआ तथा समितियों का गठन शुरू किया गया। वर्ष 1995 तक देव दीपावली का आयोजन 78 घाटों पर होने लगा था। वर्ष 1996 में पं. वागीशदत्त मिश्र को संस्था के तहत महामंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। बाद में उन्होंने अध्यक्ष पद का भी निर्वहन किया। उनके असामयिक निधन पर महासमिति ने शोक व्यक्त करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

2011 में गंगापार रेती तक पहुंचा आयोजन

उन्होंने बताया कि वर्ष 2011 में गंगापार रेती में भी देव दीपावली की शुरुआत की गई। इस आयोजन में आनंद सिंह, केएन सिंह, अशोक पटेल, छोटे लाल प्रधान और साधन प्रधान सहित अन्य लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वर्ष 2011, 2012 और 2013 में गंगापार रेती में देव दीपावली का आयोजन किया गया, जो आज भी निरंतर जारी है।

इसी क्रम में वर्ष 2014 में मध्य प्रदेश के नर्मदा तट पर भी देव दीपावली की शुरुआत की गई। महाकाल, उद्गम स्थल और अमरकंटक सहित पांच-छह धार्मिक स्थलों एवं मंदिरों में आरती और दीपदान की परंपरा शुरू हुई, जो आज भी जारी है।

15 सदस्यीय कोर कमेटी का गठन

आयोजन की जिम्मेदारी संभालने के लिए गठित कोर कमेटी में पं. नारायण गुरु, पं. नलिन नयन मिश्रा, प्रशांत शंकर व्यास, अजय शर्मा, अंकुर मेहरोत्रा, धनावती देवी, मनीष पाण्डेय, गोपाल शर्मा, विकास यादव, संतोष सोलापुरकर, रोशन गुजराती, अशोक नेने, रत्नाकर त्रिपाठी, आयुष पाण्डेय एवं विनोद दवे को शामिल किया गया है। पं. नारायण गुरु ने बताया कि पूर्व में देव दीपावली की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठकों में काशी के विभिन्न मठों, मंदिरों और आश्रमों के महंतों, संत-महात्माओं तथा गणमान्य नागरिकों की सहभागिता रहती थी। इनमें श्री संकट मोचन मंदिर के पूर्व महंत स्वर्गीय वीरभद्र मिश्र, शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती, सतुआ बाबा आश्रम के पीठाधीश्वर यमुनादास महाराज, हथियाराम मठ के महंत भवानीनंदन यति जी तथा व्यापारी वर्ग से स्वर्गीय हरि प्रसाद अग्रवाल सहित अनेक लोग शामिल होते रहे हैं।

उन्होंने कहा कि निरंतर प्रयासों और जनसहभागिता से देव दीपावली ने विश्व पटल पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। आज काशी के घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है और यह आयोजन देश-विदेश के लोगों के आकर्षण का केंद्र बन चुका है। पत्रकार वार्ता में पं. नरेंद्र पाण्डेय, अशोक नेने, संतोष सोलापुरकर, गिरीश पाण्डेय, रवि रोशन मिश्रा आदि भी मौजूद रहे।