श्री बांके बिहारी मंदिर : निर्माण परियोजना के तहत हुई दूसरी रजिस्ट्री
कैबिनेट मंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिलें लक्ष्मी नारायण चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति में हुई दूसरी रजिस्ट्री
मथुरा, 27 जनवरी। कैबिनेट मंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिलें विभाग लक्ष्मी नारायण चौधरी, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह तथा अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ0 पंकज कुमार वर्मा की उपस्थिति में मंगलवार श्रीबांके बिहारी मंदिर के आस-पास जनसुविधाओं के विकास/ निर्माण परियोजना के अंतर्गत दूसरी रजिस्ट्री की प्रक्रिया संपन्न हुई। इस पुनीत कार्य हेतु विक्रेता मनीष मिश्रा, निवासी मकान संख्या 25-ए, बिहारीपुरा, वृन्दावन, मथुरा द्वारा 322.32 वर्ग मीटर भूमि का बैनामा तहसीलदार सदर के माध्यम से ठाकुर श्री बांके बिहारीजी (देवता) के नाम निष्पादित किया गया है। उक्त भूमि का क्रय मूल्य ₹1,85,36,704/- (एक करोड़ पच्चासी लाख छत्तीस हजार सात सौ चार रुपये) है।
कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने कहा कि श्रीबांके बिहारीजी मंदिर के आस-पास जनसुविधाओं का विकास ब्रज क्षेत्र के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन क्षेत्र की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम दर्शन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि “मंदिर के आस-पास जनसुविधाओं के विकास/निर्माण हेतु भूमि क्रय की समस्त कार्यवाही पूर्ण पारदर्शिता एवं विधिक प्रक्रिया के अनुरूप की जा रही है। परियोजना को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।” यह रजिस्ट्री श्री बांके बिहारी जी मंदिर के आस-पास जनसुविधाओं के विकास के क्रियान्वयन की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिससे भविष्य में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। श्री बांके बिहारी जी मंदिर के आस पास भव्य और दिव्य जनसुविधाओं के विकास की दिशा में दूसरी रजिस्ट्री एक और ठोस कदम है।
हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी में शामिल
समिति में न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) उच्च न्यायालय इलाहाबाद/ अध्यक्ष अशोक कुमार, जिला एवं सत्र न्यायाधीश (सेवानिवृत्त)/ सदस्य मुकेश मिश्रा, जिला एवं सत्र न्यायाधीश मथुरा/ सदस्य विकास कुमार, मुंसिफ / सिविल जज मथुरा/ सदस्य शिप्रा दुबे, जिला मजिस्ट्रेट / कलेक्टर /सदस्य सचिव चन्द्र प्रकाश सिंह, सदस्य/ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, नगर आयुक्त मथुरा- वृन्दावन नगर निगम/ सदस्य जग प्रवेश, सदस्य/ उपाध्यक्ष मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण लक्ष्मी एन, सदस्य/ अधीक्षण पुरातत्वविद् भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण आगरा डॉ. स्मिता एस. कुमार, गोस्वामी राजभोग समूह से शैलेन्द्र गोस्वामी पुत्र श्री ब्रजनाथ गोस्वामी एवं श्रीवर्धन गोस्वामी पुत्र जुगल किशोर गोस्वामी, गोस्वामी शयन भोग समूह से दिनेश कुमार गोस्वामी पुत्र बिहारीलाल गोस्वामी एवं विजय कृष्ण गोस्वामी (बब्बू) पुत्र बाल कृष्ण गोस्वामी शामिल है।