शराब ठेके के विरोध में लाठियां लेकर सड़क पर उतरीं महिलाएं, 3 दिन का अल्टीमेटम
मीरजापुर के दुबहां गांव में शराब ठेके के विरोध में सैकड़ों महिलाओं ने प्रदर्शन किया।
मीरजापुर, 15 नवंबर । बस्ती के बीच शराब की दुकान और आए दिन होने वाले विवाद से परेशान महिलाओं का गुस्सा रविवार को सड़क पर फूट पड़ा। जिगना थाना क्षेत्र के दुबहां गांव में सरकारी शराब ठेके के खिलाफ सेमरी और आसपास के गांवों की सैकड़ों महिलाएं लाठी-डंडे लेकर प्रदर्शन करने पहुंच गईं। महिलाओं के तेवर देख ठेके के सेल्समैन और कर्मचारी दुकान का गेट बंद कर अंदर दुबक गए।
महिलाओं के आक्रोश की वजह भी हाल की एक घटना है। बीते 11 नवंबर की शाम इसी ठेके पर हुए विवाद में सेमरी गांव निवासी गेंदालाल बिंद की हत्या हो गई थी। इस घटना के बाद से ही महिलाओं में गुस्सा है। उनका कहना है कि बस्ती के बीच शराब की दुकान होने से परिवारों की खुशियां प्रभावित हो रही हैं। नशे में लोग घर की कमाई गंवा देते हैं और परिवारों में अशांति व कलह बढ़ती है।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं के साथ बच्चियां भी हाथों में तख्तियां लेकर चल रही थीं। उन पर 'हमारी मांगें पूरी करो' और 'दुबहां का ठेका बंद करो' जैसे नारे लिखे थे। महिलाओं ने एक स्वर में कहा कि किसी भी कीमत पर बस्ती के बीच शराब की दुकान नहीं चलने दी जाएगी। ठेके को आबादी से दूर स्थानांतरित करना होगा।
सूचना पर थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित महिलाओं को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद उच्चाधिकारियों तक उनकी मांग पहुंचाने का आश्वासन दिया, तब जाकर महिलाएं वापस लौटीं। हीरावती, मुनिया, लालती, मनोरमा और कंचन समेत अन्य महिलाओं ने साफ चेतावनी दी कि तीन दिन के भीतर ठेका नहीं हटाया गया तो मीरजापुर-प्रयागराज मार्ग पर चक्काजाम किया जाएगा।