जी रामजी योजना मजदूरों के लिए महज झुनझुना : शशांक यादव

भाजपा सरकार पर मजदूर हितों की अनदेखी का आरोप, शशांक यादव बोले- जी रामजी योजना झुनझुना

जी रामजी योजना मजदूरों के लिए महज झुनझुना : शशांक यादव

प्रयागराज, 15 नवंबर । जी रामजी योजना मजदूरों के लिए महज झुनझुना बनकर रह गई है। योजना से ग्रामीण मजदूरों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर मजदूरों को काम नहीं मिलने की स्थिति में मजदूरी भत्ता दिया जाएगा।

यह बातें सपा नेता एवं पूर्व एमएलसी शशांक यादव ने रविवार को बारा विधानसभा क्षेत्र के कांटी गांव में समाजवादी मजदूर सभा की ओर से आयोजित मजदूरों की बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में कहीं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने मनरेगा का नाम बदलकर जी रामजी योजना लागू की है। पहले यह योजना पूरी तरह केंद्र सरकार द्वारा वित्त पोषित थी, लेकिन अब इसमें केंद्र की 60 और राज्यों की 40 प्रतिशत हिस्सेदारी निर्धारित की गई है। इससे योजना के संचालन और मजदूरों को मिलने वाले लाभ को लेकर संदेह पैदा हो रहा है।



मजदूर सभा के प्रदेश अध्यक्ष धनीलाल श्रमिक ने कहा कि योगी सरकार के कार्यकाल में पिछले तीन वर्षों से मजदूर बोर्ड का गठन नहीं हो सका है। उन्होंने गाजियाबाद और नोएडा में मजदूरों के आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि मजदूर अपने अधिकारों और हितों की मांग कर रहे थे, लेकिन उनके आंदोलन को दबाने की कोशिश की गई। बैठक में मौजूद कृषि मजदूरों और कामगारों ने नियमित एवं पर्याप्त मजदूरी, सामाजिक सुरक्षा और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई।

इससे पूर्व शशांक यादव ने जार्जटाउन स्थित सपा कार्यालय में पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की। इस मौके पर एमएलसी डॉ. मानसिंह यादव, जिलाध्यक्ष अनिल यादव, महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन, यमुनापार महासचिव इंजीनियर जगदीश यादव, मजदूर सभा के राष्ट्रीय महासचिव नाजिम भाई सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।