त्योहारी भीड़ के बीच पश्चिम रेलवे चलाएगा 8 वन-वे स्पेशल ट्रेनें, यूपी-बिहार के यात्रियों को मिलेगी राहत
15 और 16 नवंबर को बांद्रा टर्मिनस, वलसाड, उधना, प्रतापनगर और अहमदाबाद से चलेंगी स्पेशल ट्रेनें; कई ट्रेनों का प्रयागराज छिवकी समेत प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव
मुंबई, 15 नवंबर । त्योहारी सीजन में ट्रेनों में बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने आठ वन-वे स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। ये ट्रेनें 15 और 16 नवंबर 2026 को बांद्रा टर्मिनस, वलसाड, उधना, प्रतापनगर और अहमदाबाद से रवाना होंगी। इनके संचालन से उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक के अनुसार, सभी ट्रेनें एक-एक फेरा लगाएंगी।
इन शहरों के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
पश्चिम रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 09113 बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर स्पेशल 15 नवंबर को सुबह 4:30 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम 7:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 09063 वलसाड-राजगीर स्पेशल 15 नवंबर को सुबह 8:45 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 10:30 बजे राजगीर पहुंचेगी।
इसी तरह ट्रेन संख्या 09067 वलसाड-समस्तीपुर स्पेशल 15 नवंबर को रात 10:20 बजे रवाना होकर 17 नवंबर को सुबह 10 बजे समस्तीपुर पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 09081 उधना-गया स्पेशल 15 नवंबर को शाम 7:45 बजे रवाना होकर 17 नवंबर को रात 12:45 बजे गया पहुंचेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 09089 उधना-बरौनी स्पेशल 15 नवंबर को रात 9:45 बजे रवाना होकर 17 नवंबर को सुबह 7:30 बजे बरौनी पहुंचेगी।
16 नवंबर को भी रवाना होंगी ट्रेनें
ट्रेन संख्या 09061 उधना-झंझारपुर स्पेशल 16 नवंबर को रात 9:45 बजे रवाना होकर 18 नवंबर को सुबह 10 बजे झंझारपुर पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 09133 प्रतापनगर-रक्सौल स्पेशल 16 नवंबर को रात 11:50 बजे रवाना होकर 18 नवंबर को सुबह 6:30 बजे रक्सौल पहुंचेगी। इसके अलावा ट्रेन संख्या 09431 अहमदाबाद-मधुबनी स्पेशल 15 नवंबर को सुबह 10:10 बजे रवाना होकर 17 नवंबर को रात 1:40 बजे मधुबनी पहुंचेगी।
स्लीपर और सामान्य श्रेणी के होंगे कोच
इन सभी स्पेशल ट्रेनों में शयनयान और सामान्य द्वितीय श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेनों का ठहराव विभिन्न प्रमुख स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है। इनमें सूरत, वडोदरा, रतलाम, भुसावल, जबलपुर, कटनी, सतना, प्रयागराज छिवकी, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, पटना, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर सहित कई स्टेशन शामिल हैं।
रेलवे के अनुसार, इन ट्रेनों की बुकिंग सभी यात्री आरक्षण प्रणाली (पीआरएस) काउंटरों और आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर उपलब्ध है। सभी ट्रेनें विशेष किराये पर संचालित होंगी। यात्रियों को मार्ग और ठहराव से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए भारतीय रेलवे की वेबसाइट www.enquiry.indianrail.gov.in देखने की सलाह दी गई है।