कौशांबी में बिजली की कटिया निकालना पड़ा भारी, करंट की चपेट में आए 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत

अझुवा में घर के पास कटिया हटाते समय इंद्राज करंट की चपेट में आकर झुलस गए, अस्पताल ले जाते समय मौत; वर्दीधारी लोगों की भूमिका की जांच जारी।

कौशांबी में बिजली की कटिया निकालना पड़ा भारी, करंट की चपेट में आए 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत

कौशांबी, 26 सितंबर । उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में सैनी कोतवाली क्षेत्र में शनिवार सुबह बिजली के करंट की चपेट में आने से एक अधेड़ की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अझुवा कस्बे के वार्ड नंबर चार निवासी इंद्राज (50) आज सुबह करीब छह बजे घर के पास बिजली की कटिया निकालने गया था। इसी दौरान एक तार निकल गई, जबकि दूसरा तार बिजली के प्रवाह में रह गया और इंद्राज उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर बताई। इसके बाद उपचार के लिए सिराथू सीएचसी ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना से पहले सफेद बोलेरो से कुछ वर्दीधारी लोग पहुंचे थे और आसपास के घरों में कथित विद्युत चोरी (कटिया) की जांच कर रहे थे। आरोप है कि उन्हें देखकर मृतक इंद्राज भी कटिया निकालने गया था। घटना के बाद वर्दीधारी मौके से चले गए। सूचना पर अझुवा चौकी पुलिस पहुंची और जांच शुरू की।

सिराथू सीओ सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि पुलिस हादसे की परिस्थितियों और वर्दीधारियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।