प्रयागराज में प्राचीन मनकामेश्वर नाथ मंदिर के पुजारी की हत्या, मंदिर परिसर में मिला बाबा दयाल दास का शव
मनसैता गांव के भीमकुंड मंदिर में 15 वर्षों से पूजा-पाठ कर रहे थे बाबा; पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ग्रामीणों से कर रही पूछताछ।
प्रयागराज, 24 नवंबर। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित थरवई थाना क्षेत्र के मनसैता गांव स्थित प्राचीन मनकामेश्वर नाथ मंदिर (भीमकुंड) के पुजारी बाबा दयाल दास की साेमवार की देर रात हत्या कर दी गई। सूचना पर मंगलवार सुबह पुलिस टीम ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है।
पुलिस उपायुक्त गंगानगर सोनम कुमार ने बताया कि थरवई के मनसैता गांव के किनारे गंगा के भीमकुंड मंदिर प्राचीन मनकामेश्वर नाथ मंदिर में बाबा दयाल दास पिछले करीब 15 वर्षों से मंदिर में रहकर पूजा-पाठ कर रहे थे। मंदिर की देखरेख की जिम्मेदारी भी उन्हीं के पास थी। देर रात उनकी हत्या कर दी गई। मंगलवार को सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वारदात के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। लोगों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए पुलिस अधिकारियों से जल्द से जल्द हत्याकांड का खुलासा करने और आरोपिताें को गिरफ्तार करने की मांग की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे संभावित कारणों और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हालांकि, अभी हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस उपायुक्त गंगानगर ने बताया कि पुजारी की हत्या के मामले में पुलिस टीमों को लगाया गया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से भी घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।