गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर राष्ट्रपति मुर्मु समेत कई नेताओं ने दी देशवासियों को शुभकामनाएं
गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर राष्ट्रपति मुर्मु समेत कई नेताओं ने दी देशवासियों को शुभकामनाएं
नई दिल्ली, 24 नवम्बर । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत कई पक्ष-विपक्ष नेताओं ने मंगलवार को गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के अवसर पर देश और विदेश में रह रहे सभी भारतीयों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
राष्ट्रपति मुर्मु ने एक्स पर लिखा, "गुरु नानक देव का 'इक ओंकार' का संदेश वस्तुतः समस्त मानवता की एकता का संदेश है। उन्होंने जाति-पांति, ऊंच-नीच और भेदभाव से मुक्त समाज की स्थापना पर बल दिया तथा प्रेम, करुणा और मानव सेवा को जीवन का आधार बनाने की शिक्षा दी। उनकी शिक्षाओं में 'नाम जपो, किरत करो और वंड छको' का विशेष महत्व है। उन्होंने ईश्वर का स्मरण करने, ईमानदारी और परिश्रम से आजीविका अर्जित करने तथा अपनी कमाई को दूसरों के साथ बांटने का संदेश दिया। लंगर की परंपरा के माध्यम से उन्होंने सामाजिक समानता और निःस्वार्थ सेवा का व्यावहारिक उदाहरण प्रस्तुत किया। आइए, इस पावन अवसर पर हम गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को अपनाने तथा सेवा, समानता और सद्भाव के मूल्यों के आधार पर समाज एवं राष्ट्र के कल्याण में योगदान देने का संकल्प लें।"
उपराष्ट्रपति ने कहा कि गुरु नानक देव की शाश्वत शिक्षाएँ सत्य, समानता, करुणा, निस्वार्थ सेवा और विश्व बंधुत्व की भावना आज भी मानवता का मार्गदर्शन कर रही हैं। ये सभी को एक ऐसे समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करती हैं, जो शांति, सद्भाव और आपसी सम्मान पर आधारित हो।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि गुरु नानक देव का जीवन और दर्शन मानवता, आध्यात्मिक चेतना तथा नैतिक मूल्यों की अनुपम प्रेरणा है। उन्होंने अपनी वाणी और उपदेशों के माध्यम से एक ओंकार, सत्य, प्रेम, करुणा और सेवा का संदेश देते हुए मानव जीवन को सदाचार एवं परोपकार की दिशा प्रदान की। गुरु नानक देव की अमृतवाणी और उदात्त विचार भारतीय आध्यात्मिक परंपरा की अमूल्य धरोहर हैं, जो युगों-युगों तक समाज को सत्य, प्रेम, शांति और लोककल्याण के पथ पर आलोकित करते रहेंगे।
राजनाथ सिंह ने कहा कि गुरु नानक देव ने पूरी मानवता को प्रेम, समानता, सेवा और सद्भाव का संदेश दिया। उन्होंने जाति-पाति, ऊँच-नीच और भेदभाव से रहित ऐसे समाज की कल्पना की, जहाँ प्रत्येक व्यक्ति को समान सम्मान और गरिमा प्राप्त हो। उनकी वाणी और शिक्षाएँ आज भी मानवता को सेवा, करुणा, परोपकार और भाईचारे के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि गुरु नानक देव ने एक ओर ईश्वर के प्रति आस्था व सदाचार की ज्योति जलाई, वहीं दूसरी ओर भेदभाव मुक्त समाज, बंधुत्व और नारी सम्मान का मार्ग भी दिखाया। लंगर की परंपरा और धर्मशालाओं की स्थापना के माध्यम से उन्होंने सेवा और सामाजिक समरसता का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया।उनकी शिक्षाएँ अनंतकाल तक सत्य, परोपकार व लोककल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती रहेंगी।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवम राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि गुरु नानक देव के विचार सभी को सदैव राष्ट्रहित के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते है।
केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि गुरु नानक की पावन शिक्षाएं सत्य, समानता, निस्वार्थ सेवा और प्रेम के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती रहें। उनका जीवन दर्शन समाज में एकता, भाईचारे और मानव कल्याण की भावना को सदैव मजबूत करता रहे।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि दुनिया में आज जितनी समस्याएं हैं, उनका समाधान गुरु नानक देव की शिक्षाओं में है। गुरु की कृपा और आशीर्वाद से प्रत्येक हृदय में प्रेम, सेवा, सद्भाव की पवित्र ज्योत प्रज्वलित रहे, सबका कल्याण हो; श्रीचरणों में यही प्रार्थना है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि समानता, करुणा, भाईचारे और निस्वार्थ सेवा की गुरु नानक देव की शाश्वत शिक्षाएं आज भी मानवता का मार्ग प्रशस्त कर रही हैं। ये शिक्षाएँ धर्म, जाति और पंथ की सभी सीमाओं से परे हैं। यह पवित्र अवसर सभी को सत्य, गरिमा और सद्भाव को बनाए रखने के लिए प्रेरित करे, और 'सरबत दा भला' (सबका कल्याण) के प्रति हमारे सामूहिक संकल्प को और सुदृढ़ करे।