प्रयागराज में स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार दंपती की मौत, चालक फरार
मेजा के कोटहा गांव के पास हुआ हादसा; मामा के घर से लौट रहे थे पति-पत्नी, पुलिस सीसीटीवी फुटेज से कर रही चालक की तलाश
प्रयागराज, 23 नवंबर । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित मेजा थाना क्षेत्र के कोटहा गांव के समीप सोमवार देर शाम बेकाबू कार की टक्कर से दम्पति की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस उपायुक्त यमुनानगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि सड़क हादसे में मीरजापुर जनपद के जिगना थाना क्षेत्र के गोगांव ग्राम निवासी दयाराम विश्वकर्मा (46) और उसकी पत्नी बबिता विश्वकर्मा (42) की जान चली गई। हादसे के संबंध में बताया जा रहा है सोमवार को दयाराम विश्वकर्मा मोटरसाइकिल से अपनी पत्नी बबिता के साथ मेजा के लोटाढ़ गांव मामा के घर से वापस घर के लिए लौटा था।
वापसी के दौरान विपरीत दिशा से आ रही स्कार्पियो की टक्कर से पति-पत्नी दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर मेजा थाना प्रभारी धनंजय पांडेय दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों को मेजा स्थित पीएचसी में भर्ती कराए। जहाँ पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि स्कार्पियो सहित चालक भाग निकला। फिर भी आसपास के सीसीटीवी कैमरे की मदद से उसकी तलाश की जाएगी। पुलिस ने इस संबंध में तहरीर लेकर विधिक कार्रवाई कर रही है।