पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया में अनियमितता के आरोप, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने CSJMU से मांगा जवाब
पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया में अनियमितता के आरोप, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने CSJMU से मांगा जवाब
प्रयागराज, 23 नवंबर । इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर के पत्रकारिता विभाग में पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया की पारदर्शिता को चुनौती देने वाली याचिका पर दोनों पक्षों को शपथपत्रों का आदान-प्रदान पूरा करने के निर्देश के साथ सुनवाई हेतु फरवरी 27 मेें पेश करने का निर्देश दिया है।
न्यायमूर्ति सौरभ श्याम शमशेरी की एकल पीठ ने मृदुल कृष्ण मिश्र की याचिका पर यह आदेश दिया। प्रकरण शैक्षणिक सत्र 2024–25 में पत्रकारिता विभाग की पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित है, जिसके लिए विश्वविद्यालय ने अगस्त 2024 में आठ सीटों का विज्ञापन जारी किया था। कानपुर देहात के रसूलाबाद निवासी याचिकाकर्ता मृदुल कृष्ण मिश्रा ने इसी विभाग से मास्टर्स ट्रांजिशन कोर्स प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण करने के पश्चात गैर-जेआरएफ श्रेणी में आवेदन किया था।
30 अक्टूबर 2024 को घोषित लिखित प्रवेश परीक्षा के परिणाम में उन्होंने 70 में से 45 अंक अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया था। इसके बाद 28 नवंबर 2024 को ऑनलाइन माध्यम से उनका साक्षात्कार आयोजित हुआ। हालांकि 20 दिसंबर 2024 को घोषित अंतिम परिणाम में आठ विज्ञापित सीटों के सापेक्ष केवल दो अभ्यर्थियों को चयनित घोषित किया गया और शेष छह सीटें रिक्त छोड़ दी गईं। चयनित दोनों अभ्यर्थी जेआरएफ श्रेणी से थे, जिन्हें लिखित परीक्षा से छूट प्राप्त थी, जबकि लिखित परीक्षा के माध्यम से किसी भी अभ्यर्थी का चयन नहीं हुआ। याचिका में यह तथ्य भी रेखांकित किया गया है कि चयनित दोनों अभ्यर्थियों ने कुछ माह के भीतर ही अपना प्रवेश निरस्त कराकर अन्य विश्वविद्यालयों में दाखिला ले लिया।
जानकारी मांगने पर विश्वविद्यालय के उप-कुलसचिव द्वारा 6 दिसंबर 2025 को दिए गए पहले जवाब में चयन न होने का कारण साक्षात्कार समिति द्वारा निर्धारित न्यूनतम अर्हक अंक प्राप्त न करना बताया गया और साक्षात्कार की वीडियो रिकॉर्डिंग को 'गोपनीय' बताते हुए देने से इन्कार कर दिया गया। उसी तिथि के दूसरे जवाब में चयन न होने का आधार साक्षात्कार व प्रस्तुतीकरण में प्रदर्शन को बताया गया और कहा गया कि वीडियो रिकॉर्डिंग एक माह पश्चात डिलीट कर दी गई थी। इसके बाद 12 जनवरी 2026 के तीसरे जवाब में विश्वविद्यालय ने दावा किया कि विभाग के अनुरोध पर केवल दो सीटों पर ही प्रवेश लिए गए, जबकि 21 फरवरी 2026 के चौथे जवाब में दोनों जेआरएफ अभ्यर्थियों को 70 अंकों के अतिरिक्त साक्षात्कार में 26 व 25 अंक मिलने से कट-ऑफ 95 रहने की बात कही गई।
याची के अधिवक्ता अभिषेक शुक्ला ने दलील दी कि न तो विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के पीएचडी विनियम 2022 और न ही विश्वविद्यालय की सूचना विवरणिका में साक्षात्कार के लिए किसी न्यूनतम अर्हक अंक का प्रावधान है। दोनों प्रावधानों के अनुसार अंतिम मेरिट लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के 70:30 के अनुपात में संयुक्त अंकों के आधार पर निर्धारित की जानी चाहिए। उन्होंने तर्क दिया कि साक्षात्कार प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात बिना किसी सार्वजनिक सूचना, आधिकारिक प्रस्ताव अथवा संकाय सदस्यों की उपलब्धता में किसी परिवर्तन के सीटों की संख्या आठ से घटाकर दो करना यूजीसी विनियम की धारा 5(3) तथा संविधान के अनुच्छेद 14 का स्पष्ट उल्लंघन है।
याचिका के माध्यम से 20 दिसंबर 2024 के अंतिम परिणाम को निरस्त करने, चयन प्रक्रिया से जुड़े मूल अभिलेख व साक्षात्कार समिति के कार्यवृत्त न्यायालय में तलब करने तथा विज्ञापित रिक्तियों के सापेक्ष याचिकाकर्ता की उम्मीदवारी पर नियमानुसार पुनः विचार कर प्रवेश प्रदान करने का अनुरोध
किया गया है।