सुलतानपुर में चाेराें ने ताला ताेड़कर दुकान से चुराया 1.20 लाख रुपये
सुलतानपुर में चाेराें ने ताला ताेड़कर दुकान से चुराया 1.20 लाख रुपये
सुलतानपुर, 17 फ़रवरी । उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर कोतवाली नगर के प्रधान डाकघर चौराहे पर स्थित बैद्यनाथ आयुर्वेद एजेंसी में साेमवार रात लाखाें की चाेरी कर ली गई। सीसीटीवी फुटेज में चोर नोटों की गड्डियां लेकर फरार होते दिख रहे हैं। पुलिस ने फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी।
सीओ सिटी सौरभ सामंत ने मंगलवार को बताया कि इलाके में रहने वाले दिनेश कुमार मिश्रा की प्रधान डाकघर चौराहे पर बैद्यनाथ आयुर्वेद की एजेंसी ले रखी है। उन्हाेंने अपनी तहरीर में बताया कि उनकी दुकान लगभग 38 वर्षों से चल रही है। उन्हें सुबह चार बजे चोरी की जानकारी मिली। दुकान पहुंचकर उन्होंने देखा कि शटर का ताला टूटा हुआ और तिजाेरी से एक लाख बीस हजार रुपये नकद गायब थे। सीसीटीवी फुटेज में चोर नोटों की गड्डियां लेकर फरार होते दिख रहे हैं। चोरों ने तीन मिनट के भीतर दुकान का शटर और ड्रायर के सभी लॉक मास्टर की से खोल दिए। दुकानदार ने बताया कि घटना स्थल से सौ मीटर की दूरी पर एसपी कार्यालय और सामने पुलिस चौकी है। व्यापारियों ने जल्द खुलासा न होने पर प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
सीओ सिटी ने बताया कि पीड़ित व्यापारी की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।