केसरवानी समाज की उन्नति के लिए हर व्यक्ति निस्वार्थ भाव से आगे आए : न्यायमूर्ति सूर्य प्रकाश केसरवानी
केसरवानी समाज की उन्नति के लिए हर व्यक्ति निस्वार्थ भाव से आगे आए : न्यायमूर्ति सूर्य प्रकाश केसरवानी
प्रयागराज, 22 नवंबर । केसरवानी समाज को आरक्षण देने वाले राजनीतिक दल को चुनाव में समर्थन दिया जाएगा। यह प्रस्ताव रविवार को प्रयागराज जनपद में अखिल भारतीय केसरवानी वैश्य महासभा के 19वें राष्ट्रीय महाधिवेशन में पारित किया गया। केसर विद्या पीठ इंटर कॉलेज, चौक में आयोजित महाधिवेशन में मुख्य अतिथि उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति सूर्य प्रकाश केसरवानी ने समाज की एकजुटता, देशसेवा और लोकतांत्रिक भागीदारी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज की उन्नति के लिए हर व्यक्ति को निस्वार्थ भाव से आगे आना चाहिए और मतदान में अनिवार्य रूप से हिस्सा लेना चाहिए।
महाधिवेशन का शुभारंभ महर्षि कश्यप मुनि की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस दौरान सर्वसम्मति से प्रयागराज के रमेश चंद्र केसरवानी को महासभा का राष्ट्रीय महामंत्री चुना गया। निवर्तमान राष्ट्रीय महामंत्री संजय केशरी के इस्तीफे के बाद यह निर्णय लिया गया। हालांकि, अपरिहार्य कारणों से राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव नहीं हो सका। संरक्षक शिव कुमार वैश्य ने बताया कि अध्यक्ष पद के चुनाव पर जल्द निर्णय लिया जाएगा।
आरक्षण संबंधी प्रस्ताव पर संरक्षक शिव कुमार वैश्य, डॉ. एमके गुप्ता और मीरजापुर के चेयरमैन श्याम सुंदर केसरी ने कहा कि समाज को अपने अधिकारों के लिए राजनीतिक रूप से सक्रिय होना चाहिए। वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम अध्यक्ष उमेश गुप्ता ने कहा कि केसरवानी समाज किसी एक राजनीतिक दल से बंधा नहीं है। जो दल समाज के मुद्दों और हितों पर काम करेगा, समाज उसका समर्थन करेगा।
स्वागताध्यक्ष रमेश चंद्र केसरवानी ने अतिथियों का स्वागत किया। स्वागत मंत्री प्रमिल केसरवानी ने अंगवस्त्र भेंटकर अतिथियों का सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन निवर्तमान राष्ट्रीय महामंत्री संजय केशरी ने किया। उन्होंने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों के साथ आय-व्यय का विवरण भी प्रस्तुत किया।
प्रदेश प्रवक्ता राजेश केसरवानी के अनुसार, महाधिवेशन में उत्तर प्रदेश सहित उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र, दिल्ली, आंध्र प्रदेश और गोवा से आए प्रतिनिधियों ने भाग लिया। नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री रमेश चंद्र केसरवानी को विभिन्न प्रदेशों और जिलों के पदाधिकारियों ने बधाई दी।