42 साल पुराने गोलीकांड में बड़ी राहत, 65 वर्षीय आरोपी की सजा बदली; हाईकोर्ट ने दिया परिवीक्षा का लाभ
1982 के फिरोजाबाद गोलीकांड में हत्या के प्रयास की दोषसिद्धि घटाकर IPC की धारा 324 में बदली, आरोपी को ₹40 हजार मुआवजा देने और एक साल के परिवीक्षा बंधपत्र की शर्त
प्रयागराज, 14 नवंबर । इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने 1982 के फिरोजाबाद गोलीकांड में दोषी ठहराए गए गोपाल की सजा में बड़ी राहत देते हुए उसकी दोषसिद्धि को हत्या के प्रयास से घटाकर धारा 324 आईपीसी में बदल दिया है। न्यायमूर्ति संतोष राय ने यह फैसला सुनाया।
5 मई 1982 को फिरोजाबाद साउथ थाना क्षेत्र (तत्कालीन जिला आगरा) में शिकायतकर्ता ज्ञान सिंह अपने बेटे और एक अन्य व्यक्ति के साथ जा रहे थे। भोला सिंह की दुकान के पास कहा सुनी हुई और आरोप है कि गोपाल ने गोली चला दी। अपर सत्र न्यायाधीश, आगरा ने 11 जुलाई 1984 को गोपाल और गुलज़ारी लाल को धारा 307/34 में तीन साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई थी। अपील लंबित रहने के दौरान गुलज़ारी लाल की मृत्यु हो गई, इसलिए उनके खिलाफ अपील समाप्त कर दी गई।
बचाव पक्ष ने पुरानी रंजिश में झूठा फंसाने का दावा किया, लेकिन कोर्ट ने घायल गवाह समेत प्रत्यक्षदर्शियों की गवाही को विश्वसनीय माना। चिकित्सकीय साक्ष्य में दाहिनी बांह के पिछले हिस्से में केवल एक गोली की चोट मिली। बार-बार फायरिंग या हत्या की मंशा का ठोस प्रमाण न मिलने पर कोर्ट ने माना कि धारा 307 संदेह से परे सिद्ध नहीं होती, जबकि धारा 324 के तत्व पूरी तरह साबित हैं।
कोर्ट ने कहा कि आरोपी लगभग 65 वर्ष का है, उसका कोई आपराधिक इतिहास नहीं है और घटना को चार दशक से अधिक बीत चुके हैं। इसलिए उसे परिवीक्षा अपराधी अधिनियम, 1958 की धारा 4 का लाभ दिया गया।
कोर्ट ने कहा एक वर्ष के लिए 50,000 रुपये का व्यक्तिगत बंधपत्र और इतनी ही राशि का एक जमानतदार दें।
धारा 5 के तहत घायल को 40,000 रुपये मुआवजा, एक माह के भीतर ,घायल की मृत्यु होने पर वारिसों को दी जाय। शर्त टूटने पर मूल सजा भुगतनी होगी अपील आंशिक रूप से स्वीकार की गई।