अहंकार और अत्याचार का अंत निश्चित: धनंजय महाराज, भागवत कथा में सुनाया कंस वध और रुक्मिणी विवाह का प्रसंग
अहंकार और अत्याचार का अंत निश्चित: धनंजय महाराज, भागवत कथा में सुनाया कंस वध और रुक्मिणी विवाह का प्रसंग
मीरजापुर, 22 नवंबर । जिगना क्षेत्र के सिकरा कला गांव स्थित शिव मंदिर परिसर में चल रही संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा के छठवें दिन रविवार को आचार्य धनंजय महाराज ने कंस वध और रुक्मिणी विवाह का प्रसंग सुनाया। कथा सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए।
आचार्य ने कहा कि अत्याचारी कंस ने साधु-संतों का जीवन भी कठिन कर दिया था। उसने बाल्यावस्था से ही वसुदेव और देवकी की संतानों को मारने के प्रयास किए। अहंकार के कारण वह भगवान श्रीकृष्ण को पहचान नहीं पाया। युद्ध के दौरान श्रीकृष्ण ने उसे चेतावनी भी दी, लेकिन कंस अपने अहंकार में झुकने को तैयार नहीं हुआ। अंततः श्रीकृष्ण ने उसका वध कर अत्याचार का अंत किया।
रुक्मिणी विवाह का प्रसंग सुनाते हुए उन्होंने बताया कि शिशुपाल से जबरन विवाह तय होने पर रुक्मिणी दुखी थीं। भगवान श्रीकृष्ण ने उनका हरण कर उन्हें अपनी जीवनसंगिनी बनाया। कथावाचक ने कहा कि अहंकार और अत्याचार का अंत निश्चित है। प्रेम, करुणा, सत्कार और सद्भाव जैसे गुण अपनाने वाले व्यक्ति का जीवन धन्य हो जाता है।