बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में कथित चिकित्सा लापरवाही पर हाईकोर्ट सख्त, मांगा जवाब
बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में कथित चिकित्सा लापरवाही पर हाईकोर्ट सख्त, मांगा जवाब
प्रयागराज, 21 नवंबर। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के सर सुंदरलाल अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में कथित चिकित्सा लापरवाही और वित्तीय अनियमितताओं की सीबीआई जांच की मांग को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट में जनहित याचिका दाखिल की गई है। जस्टिस सीडी सिंह और जस्टिस तरूण सक्सेना की खंडपीठ ने इस याचिका पर सभी पक्षकारों से जवाब मांगा है। हाईकोर्ट इस याचिका पर आगामी 11 दिसंबर को सुनवाई करेगी।
उच्च न्यायालय ने अपने आदेश में कहा कि प्रथम दृष्टया कई जांच रिपोर्ट व तथ्यों को देखने के बाद इस मामले में कोर्ट द्वारा विचार की आवश्यकता है। कोर्ट ने कहा कि कई जांच रिपोर्ट व कुलपति/ रजिस्ट्रार की तरफ से कोई एक्शन न लेने को कोर्ट अनदेखी नहीं कर सकती। इस कारण कोर्ट ने कुलपति/ रजिस्ट्रार बीएचयू को निर्देश दिया है कि वह दवाओं की खरीदारी को लेकर हुई सभी जांच रिपोर्ट को संक्षिप्त हलफनामा दाखिल कर कोर्ट में 10 दिनों में प्रस्तुत करे। विश्वविद्यालय को निर्देश दिया गया है कि वह खरीददारी, टेंडर, सप्लाई, स्टाक रजिस्टर, पेमेंट बाउचर और दवाओं से सम्बंधित बिलों को सुरक्षित रखें। कोर्ट ने निर्देश दिया कि यदि समय पर हलफनामा दाखिल नहीं किया जाता है तो कुलपति अथवा रजिस्ट्रार केस की अगली सुनवाई की तिथि 11 दिसंबर को हाजिर होंगे।
वाराणसी निवासी अमित कुमार मिश्र ने याचिका दाखिल कर उक्त आरोपों की सीबीआई अथवा किसी स्पेशल जांच एजेंसी से जांच कराने की मांग की है।
मुख्य आरोप और मांगे-
गंभीर लापरवाही: ऑपरेशन थिएटर में नकली गैस की आपूर्ति से चार मरीजों की मौत और गलत मरीज का ऑपरेशन करने का आरोप है। भ्रष्टाचार और सुरक्षा जोखिम का भी आरोप है। चिकित्सा उपकरणों की खरीद में वित्तीय अनियमितताओं और पुरानी सीटी स्कैन मशीन के उपयोग से कैंसर के खतरे का दावा किया गया है।
याचिका में केंद्र सरकार के सचिवों, बीएचयू प्रशासन के अधिकारियों, सीवीओ और सीबीआई निदेशक सहित आठ लोगों को पक्षकार बनाकर स्वतंत्र एजेंसी से जांच की मांग की गई है।