आम के बागों की अभी करें देखभाल, फरवरी-मार्च में मिलेगी बेहतर फलत: प्रो. विवेक कुमार त्रिपाठी
आम के बागों की अभी करें देखभाल, फरवरी-मार्च में मिलेगी बेहतर फलत: प्रो. विवेक कुमार त्रिपाठी
कानपुर, 21 नवंबर । आम के बागवान इस महीने पेड़ों की सूखी शाखाओं को हटाने, तनों से निकलने वाले गोंद की समस्या का उपचार करने और कीटों से बचाव के लिए जरूरी दवाओं का छिड़काव करें। समय पर देखभाल करने से पेड़ों को स्वस्थ रखने के साथ फरवरी-मार्च में बेहतर फलत प्राप्त की जा सकती है। यह बातें शनिवार को चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के अधिष्ठाता उद्यान संकाय एवं निदेशक प्रसार प्रो. विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताईं।
उन्होंने बताया कि आम के पेड़ों में ऊपर से नीचे की ओर शाखाएं सूखने या तनों से गोंद निकलने की समस्या दिखाई देने पर सूखे हिस्से के साथ 20 से 25 सेंटीमीटर हरी शाखा भी काटकर हटा दें। कटे हुए हिस्से पर कॉपर ऑक्सीक्लोराइड का लेप लगाएं। इसके अलावा कॉपर ऑक्सीक्लोराइड पांच ग्राम या थायोफेनेट मिथाइल तीन से चार ग्राम को एक लीटर पानी में घोलकर पेड़ों पर छिड़काव करें। पेड़ के चारों ओर 100 ग्राम कॉपर सल्फेट, 100 ग्राम बोरेक्स, 100 ग्राम जिंक सल्फेट और ट्राइकोडर्मा मिला पांच किलोग्राम गोबर की खाद डालकर मिट्टी में मिला दें।
प्रो. त्रिपाठी ने बताया कि इस मौसम में आम की पत्तियों पर दो से तीन मिलीमीटर आकार के सफेद या भूरे धब्बे दिखाई देने पर मैंगो स्केल कीट का प्रकोप हो सकता है। यह कीट पत्तियों से रस चूसता है। संक्रमण बढ़ने पर पत्तियां पीली होकर गिरने लगती हैं, जिससे उपज प्रभावित होती है। इसके अलावा व्हाइट मैंगो स्केल कीट के प्रकोप से पत्तियों पर सूटी मोल्ड फफूंद विकसित होती है। इससे पत्तियों पर काली परत जम जाती है और प्रकाश संश्लेषण की प्रक्रिया प्रभावित होती है।
उन्होंने इन कीटों से बचाव के लिए डाइमेथोएट 30 ईसी दो मिलीलीटर, इमिडाक्लोप्रिड 17.8 प्रतिशत तीन से पांच मिलीलीटर या थायमेथॉक्सम 25 डब्ल्यूडीजी एक ग्राम प्रति लीटर पानी में घोलकर छिड़काव करने की सलाह दी। यह छिड़काव 15 दिन के अंतराल पर करें, जिससे आम के पेड़ों को कीटों के प्रकोप से बचाया जा सके।