नेपाल में अंतरराष्ट्रीय पंजा कुश्ती प्रतियोगिता खेलेगी प्रयागराज की राखी निषाद, मंत्री नन्दी ने दी 21 हजार की मदद

नेपाल में अंतरराष्ट्रीय पंजा कुश्ती प्रतियोगिता खेलेगी प्रयागराज की राखी निषाद, मंत्री नन्दी ने दी 21 हजार की मदद

नेपाल में अंतरराष्ट्रीय पंजा कुश्ती प्रतियोगिता खेलेगी प्रयागराज की राखी निषाद, मंत्री नन्दी ने दी 21 हजार की मदद

प्रयागराज, 21 नवंबर । आर्थिक अभाव के कारण किसी प्रतिभा का सपना अधूरा रह जाए, यह ठीक नहीं है। प्रयागराज की बेटी राखी निषाद को अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलना चाहिए। मुझे विश्वास है कि वह नेपाल में होने वाली प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर प्रयागराज के साथ ही प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगी।

यह बात शनिवार को उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री एवं शहर दक्षिणी विधायक नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने कही। उन्होंने आर्थिक परेशानी से जूझ रही राष्ट्रीय पंजा कुश्ती खिलाड़ी राखी निषाद को 21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है।राखी निषाद का चयन 29 से 31 दिसंबर तक नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित होने वाली एशिया-पैसिफिक आर्म रेसलिंग चैम्पियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित कर चुकीं राखी के सामने कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामिल होने का खर्च जुटाने की चुनौती थी। उन्हें इसके लिए करीब 20 से 21 हजार रुपये की आवश्यकता थी। आर्थिक मदद नहीं मिलने के कारण उनका नेपाल जाना मुश्किल नजर आ रहा था।

इसी बीच राखी निषाद को मंत्री नन्दी की माता के निधन की जानकारी हुई तो वह शोक संवेदना व्यक्त करने बहादुरगंज स्थित उनके आवास पहुंचीं। वहां मंत्री नन्दी ने आत्मीयता के साथ उनका हालचाल पूछा और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए नेपाल जाने की तैयारियों के बारे में जानकारी ली। राखी ने अपनी आर्थिक परेशानी बताई तो मंत्री ने तत्काल सहायता का भरोसा दिलाया।

इसके अगले ही दिन मंत्री नन्दी ने नन्दी सेवा संस्थान के सदस्यों और भाजपा पदाधिकारियों को राखी के सदियापुर स्थित आवास भेजकर 21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई। इससे उनके अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का रास्ता साफ हो गया। माता के निधन से शोकाकुल होने के बावजूद मंत्री नन्दी की ओर से तत्काल मदद पहुंचाए जाने पर राखी भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में भी मंत्री नन्दी ने उनकी परेशानी को समझा और बेटी की तरह सहयोग किया। उनके इस आत्मीय व्यवहार और आर्थिक मदद से उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिल सकेगा। राखी ने विश्वास जताया कि वह प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर प्रयागराज और देश का गौरव बढ़ाने का प्रयास करेंगी।