देव-दीपावली पर दशाश्वमेध घाट पर 21 अर्चक करेंगे मां गंगा की महाआरती, 51 हजार दीपों से जगमगाएगा घाट

देव-दीपावली पर दशाश्वमेध घाट पर 21 अर्चक करेंगे मां गंगा की महाआरती, 51 हजार दीपों से जगमगाएगा घाट

देव-दीपावली पर दशाश्वमेध घाट पर 21 अर्चक करेंगे मां गंगा की महाआरती, 51 हजार दीपों से जगमगाएगा घाट

वाराणसी, 21 नवंबर । उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी की विश्वप्रसिद्ध देव-दीपावली इस बार दशाश्वमेध घाट पर आध्यात्मिकता, राष्ट्रभक्ति और शौर्य के अनूठे संगम के रूप में मनाई जाएगी। 24 नवंबर को गंगा सेवा निधि की ओर से आयोजित महोत्सव में 21 अर्चक वैदिक रीति से भगवती मां गंगा की भव्य महाआरती करेंगे। इस अवसर पर दशाश्वमेध घाट को 21 कुंतल फूल-मालाओं और 51 हजार दीपों से सजाया जाएगा। सुप्रसिद्ध भजन गायक पद्मश्री अनूप जलोटा अपनी भजनों की प्रस्तुति से आयोजन को भक्तिमय बनाएंगे।

यह जानकारी गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्र ने शनिवार को संस्था के कार्यालय में पत्रकारों को दी।

उन्होंने बताया कि महाआरती से पूर्व प्रो. चन्द्रमौली उपाध्याय, पं. श्रीधर पाण्डेय और निधि के प्रमुख अर्चक आचार्य रणधीर के नेतृत्व में 21 ब्राह्मण वैदिक विधि-विधान से मां गंगा का पूजन करेंगे। राम जनम योगी शंखनाद करेंगे। दुर्गाचरण इंटर कॉलेज की 42 कन्याएं ऋद्धि-सिद्धि के स्वरूप में ब्राह्मणों के साथ अनुष्ठान में शामिल होंगी। वहीं, श्री काशी विश्वनाथ डमरू दल के 10 स्वयंसेवक भी महाआरती का हिस्सा बनेंगे।

मिश्र ने बताया कि तीन दशक से अधिक समय से गंगा सेवा निधि आध्यात्मिकता और राष्ट्रवाद के भाव के साथ देव-दीपावली महोत्सव का आयोजन कर रही है। वर्ष 1999 में कारगिल युद्ध में भारत की विजय के उपलक्ष्य में संस्था ने अमर बलिदानियों की स्मृति में आकाशदीप संकल्प को विस्तारित कर राष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया था। इसी परंपरा के तहत देव-दीपावली महोत्सव में आकाशदीप प्रज्ज्वलन का समापन किया जाएगा। साथ ही देश के अमर वीर योद्धाओं को 'भागीरथ शौर्य सम्मान' और आर्थिक सहायता देकर सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के संस्थापक स्मृतिशेष पं. सत्येन्द्र मिश्र को पुष्पांजलि अर्पित कर किया जाएगा। इसके बाद प्रो. रेवती साकलकर एवं उनके सह-कलाकारों की ओर से गणपति वंदना और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति होगी। सुप्रसिद्ध भजन गायक पद्मश्री अनूप जलोटा भजनों के माध्यम से मां गंगा की आराधना करेंगे।

महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में लेफ्टिनेंट जनरल संजय मिश्रा, जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, सेंट्रल कमांड, लखनऊ उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह (आईपीएस), महानिदेशक, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), नई दिल्ली; प्रवीण कुमार, महानिदेशक, सीमा सुरक्षा बल; ब्रिगेडियर उमेश ए. परब, 39 जीटीसी, वाराणसी; एयर कमांडर सुरेन्द्र मलिक वीएम, एयर ऑफिसर कमांडिंग, 04 एयर फोर्स सेलेक्शन बोर्ड, वाराणसी; कमांडेंट राजेश्वर बालापुरकर, 95वीं बटालियन, सीआरपीएफ तथा कमांडेंट अनूप सिंह बिष्ट, 11वीं बटालियन, एनडीआरएफ सहित कई विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे।

महोत्सव के दौरान गंगा सेवा निधि की ओर से निर्मित अमर जवान ज्योति की प्रतिकृति पर संस्था के संस्थापक सदस्य अवनी कुमार धर द्वारा रीथ लेइंग (पुष्पचक्र अर्पण) किया जाएगा। इसके पश्चात 39 जीटीसी के जवानों की ओर से अतिथियों को लास्ट पोस्ट की धुन और गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। इस तरह देव-दीपावली का आयोजन मां गंगा की आराधना के साथ देश के वीर जवानों के सम्मान और राष्ट्र के प्रति कृतज्ञता के भाव को भी समर्पित रहेगा।