प्रेमी युगल ने थाने की पंचायत के बाद मंदिर में रचाई शादी
प्रेमी युगल ने थाने की पंचायत के बाद मंदिर में रचाई शादी
मीरजापुर, 26 अप्रैल । जिले में एक प्रेमी युगल ने पारिवारिक सहमति के बाद मंदिर में विवाह कर लिया। संतनगर थाना क्षेत्र के दीपनगर पटेहरा गांव निवासी रोहित यादव और चील्ह क्षेत्र के खुलुवा गांव की खुशबू यादव उर्फ संगीता के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था।
बताया गया कि दोनों एक-दूसरे से मिलने-जुलने के दौरान करीब आए और साथ जीने-मरने की कसमें खाईं। इसी बीच शुक्रवार को दोनों घर से निकलकर दिल्ली पहुंच गए। जानकारी होने पर परिजन उनकी तलाश में जुट गए। रोहित के भाई और जीजा, जो दिल्ली में रहते हैं, ने दोनों को स्टेशन पर खोज लिया और रविवार सुबह उन्हें लेकर चील्ह थाने पहुंचे।
थाने में दोनों पक्षों के परिजन पहुंचे, जहां घंटों पंचायत चली। इस दौरान दोनों युवक-युवती साथ रहने पर अड़े रहे। अंततः परिजन उनकी शादी के लिए राजी हो गए।
इसके बाद शाम करीब सात बजे जगदीशपुर गांव स्थित शिव मंदिर में दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाकर भगवान शिव को साक्षी मानते हुए सात फेरे लिए। विवाह के बाद रोहित अपनी पत्नी को लेकर घर चला गया। इस मौके पर दोनों परिवारों के लोग मौजूद रहे।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में दाेनाें पक्ष के परिजन शादी के लिए सहमत हाे गये और विवाह के बाद अपने-अपने घराें काे चले गये।