मैं ज़िंदा हूं साहब… तहसील में गूंजा दर्द, सिरसी डूब की जमीन पर पट्टे के खेल का पर्दाफाश
मैं ज़िंदा हूं साहब… तहसील में गूंजा दर्द, सिरसी डूब की जमीन पर पट्टे के खेल का पर्दाफाश
मीरजापुर, 07 फ़रवरी । मड़िहान तहसील सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस उस वक्त सन्नाटे और आक्रोश का गवाह बन गया, जब सरकारी कागजों में एक जीवित महिला को मृत दिखाकर उसकी संपत्ति हड़पने का सनसनीखेज मामला सामने आया।
करौदा गांव निवासी सुमन देवी ने अधिकारियों के सामने रोते हुए कहा— साहब, मैं ज़िंदा हूं… फिर भी काग़ज़ों में मुझे मार दिया गया।
मामले को बेहद गंभीर मानते हुए जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने एडीओ पंचायत पटेहरा धर्मेंद्र कुमार दुबे को कड़ी फटकार लगाई। उनकी भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर एसडीएम के नेतृत्व में जांच टीम गठित की गई है। जांच की जिम्मेदारी परियोजना निदेशक को सौंपी गई है। डीएम ने साफ कहा कि दोषी चाहे जो हो, बख्शा नहीं जाएगा।
उधर सिरसी डूब क्षेत्र की जमीन पर पट्टे के खेल की शिकायतों ने भी प्रशासन को झकझोर दिया। आरोप है कि गरीबों से धन उगाही कर उन्हें उजाड़ा जा रहा है। इस पर डीएम ने सख्त रुख अपनाते हुए मौके पर ही जिलेदार को निलंबित करने के निर्देश दिए और संबंधित एसडीओ को कड़ी फटकार लगाई। मामले की विस्तृत जांच अधिशासी अभियंता और एसडीएम अनेग सिंह को सौंपी गई है।
पड़रिया निवासी वासुदेव ने भूमि पैमाइश में घूसखोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि कानूनगो द्वारा सुविधा शुल्क लेने के बावजूद फर्जी रिपोर्ट लगाई जा रही है। इस पर भी डीएम ने राजस्व विभाग को आड़े हाथों लेते हुए निष्पक्ष जांच के आदेश दिए।