PCS-2025 की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम निरस्त, नए सिरे से बनेगी मेरिट सूची

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को दिया आदेश, संशोधित परिणाम के आधार पर दोबारा होगी मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार; आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को मिली राहत।

PCS-2025 की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम निरस्त, नए सिरे से बनेगी मेरिट सूची

प्रयागराज, 27 नवंबर । इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की पीसीएस-2025 भर्ती को लेकर बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम निरस्त करते हुए आयोग को नए सिरे से मेरिट सूची तैयार करने का आदेश दिया है। संशोधित परिणाम के आधार पर मुख्य परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी। इसके बाद साक्षात्कार की प्रक्रिया भी नए सिरे से पूरी करनी होगी। इस फैसले से आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है।

न्यायमूर्ति मनीष कुमार निगम की एकल पीठ ने संजय कुमार समेत चार अभ्यर्थियों की ओर से दाखिल याचिकाओं पर यह फैसला सुनाया। याचिकाओं में भर्ती विज्ञापन की संबंधित शर्तों को भी चुनौती दी गई थी। हाईकोर्ट ने 28 सितंबर को इस मामले में सुनवाई पूरी करने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था।

पीसीएस-2025 के तहत कुल 814 पदों पर भर्ती होनी है। आयोग ने 24 अक्टूबर को साक्षात्कार की प्रक्रिया भी पूरी कर ली थी, लेकिन अंतिम परिणाम घोषित नहीं किया गया था। अब हाईकोर्ट के आदेश के बाद भर्ती प्रक्रिया में नए सिरे से बदलाव करना होगा। आयोग को पहले प्रारंभिक परीक्षा का संशोधित परिणाम जारी करना होगा। इसके आधार पर मुख्य परीक्षा और फिर साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। यूपी पीसीएस की मेंस परीक्षा भी हो चुकी है और इंटरव्यू प्रोसेस भी पूरा हो चुका है, इसी बीच हाईकोर्ट ने ये फैसला दिया है।अब नए सिरे से मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू लिए जाएंगे।

ये पूरा मामला मेधावी आरक्षित वर्ग के छात्रों को अनारक्षित कैटेगरी में शामिल नहीं किए जाने से जुड़ा है। हाईकोर्ट में याचिका दायर कर आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों ने कहा था कि उनके नंबर जनरल कैटेगरी के आखिरी चयनित उम्मीदवार से ज्यादा थे, इसके बावजूद उन्हें जनरल कैटेगरी में शामिल नहीं किया गया। ओपन कैटेगरी में शामिल नहीं किए जाने की वजह से उन्हें मेंस परीक्षा में बैठने का मौका नहीं मिला। इसके लिए उम्मीदवारों ने मेरिटोरियस रिजर्व कैटेगरी के नियमों का हवाला दिया था। अब इस पर हाईकोर्ट ने फिर से रिजल्ट जारी करने का आदेश दिया है।

बेंच ने याचिकाकर्ताओं की दलीलों को मान लिया और कहा कि प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट ठीक करके दोबारा जारी किया जाए। अब आयोग को उन उम्मीदवारों को मेरिट लिस्ट में शामिल करना होगा, जो जनरल कैटेगरी की कटऑफ जितने नंबर लेकर आए थे, लेकिन उन्हें इस कैटेगरी से बाहर रखा गया।

पूरी भर्ती परीक्षा पर क्या होगा असर ?

उच्च न्यायालय के इस आदेश का पूरी परीक्षा पर असर पड़ने वाला है। दोबारा रिजल्ट जारी होने के बाद मेरिट लिस्ट में बदलाव होगा और कुछ उम्मीदवार मेंस में बढ़ जाएंगे। सबसे ज्यादा नुकसान उन अभ्यर्थियों को होगा, जो पहले ही मेंस क्लियर कर चुके हैं और इंटरव्यू भी दे चुके हैं। इन सभी को फाइनल मेरिट लिस्ट का इंतजार था।