जंगल से भटककर बस्ती में पहुंचा चिंकारा का बच्चा, ग्रामीण ने सुरक्षित वन विभाग को सौंपा
मीरजापुर के देवहट गांव में करीब तीन महीने की मादा चिंकारा को देखकर जुटी ग्रामीणों की भीड़। बृजलाल ने सुरक्षित पकड़कर वन विभाग को सौंपा, जंगल में छोड़ने से पहले होगी देखभाल।
मीरजापुर, 27 नवंबर । ड्रमंडगंज वन रेंज के देवहट गांव में शुक्रवार को जंगल से भटककर चिंकारा हिरन का करीब तीन महीने का मादा बच्चा धरकार बस्ती में पहुंच गया। बस्ती में हिरन के बच्चे को देखकर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने उसे कौतूहल से देखा, लेकिन किसी ने उसे नुकसान नहीं पहुंचाया।
गांव निवासी बृजलाल ने चिंकारा के बच्चे को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद उसे वन रेंज कार्यालय पहुंचकर वन दरोगा कुमार कार्तिकेय को सौंप दिया। वन दरोगा ने बताया कि बच्चा झुंड से बिछड़कर बस्ती में आ गया था। उसकी सुरक्षा को देखते हुए फिलहाल वन रेंज कार्यालय में रखकर देखभाल की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जब बच्चा खुद चारा खाने लगेगा, तब उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया जाएगा। वन दरोगा ने वन्यजीव को सुरक्षित सौंपने के लिए ग्रामीण बृजलाल की सराहना की।