प्रयागराज में सैलून के अंदर युवक की गोली मारकर हत्या, दो हमलावर फरार
जार्जटाउन के अल्लापुर में वारदात से मचा हड़कंप, पुरानी रंजिश में हत्या का परिवार ने जताया शक; साजन मेहतर हत्याकांड में गवाह था मृतक अरविन्द पासी
प्रयागराज, 26 नवंबर । प्रयागराज जिले में स्थित जार्जटाउन थाना क्षेत्र के अल्लापुर बाघम्बरीगद्दी मार्ग स्थित एक नाई की दुकान में गुरुवार शाम एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। परिवार का कहना है कि उसकी पुरानी रंजिश के चलते हत्या कर दी गई। पुलिस उपायुक्त नगर सागर जैन कहना है कि परिवार से तहरीर लेकर इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। हत्या का खुलासा करने के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है।
डीसीपी नगर ने बताया कि अल्लापुर निवासी अरविन्द कुमार पासी (32) पुत्र किसन पासी गुरुवार की शाम बाघम्बरीगद्दी मार्ग पर यूको बैंक तिराहे के समीप स्थित सैलून में बाल कटवाने गया था। इसी दौरान दो लोग पहुंचे और अरविन्द को गोली मारकर फरार हो गए। सूचना पर जार्जटाउन थाने की पुलिस टीम पहुंची और घायल को तत्काल उपचार के लिए स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर। हत्या की सूचना पर फोरेंसिक टीम के साथ अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। परिवार का कहना है कि एक वर्ष पूर्व हुई साजन मेहतर हत्या मामले का अरविंद गवाह था। जिसकी वजह से उसकी हत्या कर दी गई। डीसीपी नगर का कहना है कि घटनास्थल के आसपास मौजूद सीसीटीवी फुटेज की जांच जारी है। अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।