कानपुर में 30.75 लाख के 75 मोबाइल बरामद, अंतरराज्यीय चोर गिरोह का एक सदस्य गिरफ्तार
गोविंदनगर में मोबाइल शॉप का शटर काटकर हुई थी चोरी, 22 दिन तक जांच और 1200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को मिली सफलता; दूसरा आरोपित फरार
कानपुर, 26 नवंबर गोविंदनगर में मोबाइल शॉप का शटर काटकर हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। करीब 30 लाख 75 हजार रुपये कीमत के 75 एंड्रॉयड मोबाइल बरामद करते हुए पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। दूसरा आरोपित अभी फरार है। पुलिस टीम ने करीब 22 दिनों तक पड़ताल करते हुए लगभग दो हजार किलोमीटर का सफर तय किया और 1200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर गिरोह तक पहुंची।
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने गुरुवार काे बताया कि चोरी की इस घटना के खुलासे के लिए गोविंदनगर पुलिस, स्वॉट टीम और सर्विलांस टीम दक्षिण जोन को लगाया गया था। टीम ने आधुनिक तकनीकी संसाधनों के साथ पारंपरिक पुलिसिंग का इस्तेमाल करते हुए बिहार तक जांच का दायरा बढ़ाया। लगातार 22 दिनों की मेहनत के बाद चोरी में शामिल गिरोह की पहचान हुई और एक सदस्य को गिरफ्तार कर चोरी के सभी 75 मोबाइल बरामद कर लिए गए। फरार सदस्य की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, तीन नवंबर की रात करीब ढाई बजे दो चोर गोविंदनगर निवासी गोपाल शर्मा की मोबाइल शॉप का शटर काटकर अंदर रखे मोबाइल फोन चोरी कर ले गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दोनों चोर मोबाइल से भरे झोले लेकर गोविंदपुरी रेलवे स्टेशन जाते दिखाई दिए। इसके बाद वे ऑटो से जूही ढाल, अफीम कोठी और झकरकटी बस स्टैंड होते हुए कानपुर सेंट्रल पहुंचे। यहां से दोनों को कोटा-पटना एक्सप्रेस में सवार होकर बिहार की ओर जाते देखा गया।
पुलिस टीम ने कानपुर से पटना के बीच पड़ने वाले रेलवे स्टेशनों के कैमरों की फुटेज खंगाली। दोनों आरोपित दानापुर स्टेशन से बाहर निकलकर ऑटो से बैरिया बस अड्डे पहुंचे। वहां से अररिया जाने वाली बस में सवार होकर आगे निकले। पुलिस ने बस के संभावित ठहराव वाले स्थानों की फुटेज देखते हुए अररिया के जीरो माइल बस स्टैंड तक उनका पीछा किया। वहां से मिले सुराग और स्थानीय पुलिस की मदद से दोनों की पहचान महताब निवासी बगडरा और नईम निवासी रहरिया, थाना जोकीहाट, जिला अररिया (बिहार) के रूप में हुई।
पुलिस ने भौंती बाईपास के पास से नईम को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी के 75 एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 30 लाख 75 हजार रुपये है। पुलिस के अनुसार, वारदात में शामिल दूसरा आरोपित महताब अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं। गिरफ्तार आरोपित को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।