संविधान न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता का जीवंत मार्गदर्शक: सतीश कुमार सिंह
प्रयागराज के रानी रेवती देवी विद्यालय में संविधान दिवस पर विचार गोष्ठी और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित; कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा।
प्रयागराज, 26 नवंबर । भारतीय संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता का जीवंत मार्गदर्शक है। इसके मूल्यों को अपने व्यवहार और कर्तव्यों में उतारना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यह बात गुरुवार को रानी रेवती देवी सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज, राजापुर में संविधान दिवस के अवसर पर भारतीय संविधान के गौरवशाली इतिहास पर विचार गोष्ठी और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित में प्रधानाचार्य सतीश कुमार सिंह ने कहा।
विद्यालय की वंदना सभा के बाद कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य सतीश कुमार सिंह ने संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित और पुष्पार्चन कर किया। उन्होंने संविधान की प्रस्तावना और उसके मूल उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को संवैधानिक मूल्यों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के सामाजिक विज्ञान के आचार्य अनुराग कुशवाहा ने विद्यार्थियों को संविधान की प्रस्तावना में शामिल न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के आदर्शों की जानकारी दी। सुनील गुप्ता और शरद पाल ने संविधान निर्माण की प्रक्रिया, उसकी प्रमुख विशेषताओं तथा नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों पर विचार रखे। उन्होंने बताया कि भारतीय संविधान के निर्माण में दो वर्ष, 11 माह और 18 दिन लगे थे। प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. भीमराव अंबेडकर थे। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से जागरूक, जिम्मेदार और कर्तव्यनिष्ठ नागरिक बनने का आह्वान किया।
सत्य प्रकाश पाण्डेय ने भारतीय संविधान की तुलना रामराज्य की आदर्श अवधारणा से करते हुए कहा कि संविधान लचीला है और समय एवं परिस्थितियों के अनुसार इसमें परिवर्तन की व्यवस्था है। इसकी मूल भावना समाज के प्रत्येक वर्ग को न्याय, समानता और गरिमापूर्ण जीवन का अवसर प्रदान करना है।
कार्यक्रम के अगले चरण में कक्षा नौवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए संविधान विषय पर प्रश्नोत्तरी परीक्षा आयोजित की गई। इसमें कुल 50 प्रश्न पूछे गए। इसके माध्यम से विद्यार्थियों के संवैधानिक ज्ञान और जागरूकता का मूल्यांकन किया गया। श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मूल्यांकन के बाद पुरस्कृत कर सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम की जानकारी विद्यालय के संगीताचार्य एवं मीडिया प्रभारी मनोज गुप्ता ने दी। इस अवसर पर रमेश चंद्र मिश्रा, कामाख्या प्रसाद दुबे, शैलेश सिंह यादव, दया शंकर गुप्ता, आनंद सिंह, जटाशंकर तिवारी, विमल चंद्र दुबे, सचिन सिंह परिहार, कपिल देव सिंह सहित विद्यालय के समस्त आचार्य एवं आचार्याएं उपस्थित रहीं।