घर लौट रहे बाइक सवार दोस्त दुर्घटना में घायल एक की मौत
घर लौट रहे बाइक सवार दोस्त दुर्घटना में घायल एक की मौत
मीरजापुर, 06 जून । उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में मड़िहान थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात सड़क हादसे में एक वृद्ध की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का उपचार वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
राजपुर गांव निवासी महेंद्र सिंह (६५) अपने साथी तिसुही गांव निवासी विनोद सिंह(55) के साथ किसी कार्य से भावा बाजार गए थे। देर रात दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पचोखरा गांव के पास सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान शनिवार सुबह महेंद्र सिंह ने दम तोड़ दिया, जबकि विनोद सिंह का इलाज जारी है।
थाना प्रभारी बालमुकुंद मिश्र ने शनिवार को बताया कि हादसे में शामिल दूसरी बाइक का चालक मामूली रूप से घायल हुआ और मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। सड़क दुर्घटना में मृत व्यक्ति के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच और फरार बाइक चालक की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।