राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने स्वामी सुग्रीवानंद महाराज के निधन पर व्यक्त किया शोक

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने स्वामी सुग्रीवानंद महाराज के निधन पर व्यक्त किया शोक

शिमला, 03 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के ऊना ज़िले के नारी गांव स्थित बाबा रुद्रू डेरे के वर्तमान गुरु परम पूज्य श्री श्री 1008 सुग्रीवानंद महाराज का निधन समाज के लिए गहरा आघात है। इस पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ हिमाचल प्रांत ने शोक व्यक्त किया है।

प्रांत संघचालक प्रोफेसर वीर सिंह रांगड़ा ने अपने शोक संदेश में कहा कि स्वामी सुग्रीवानंद महाराज का जीवन संस्कृत और संस्कृति के संरक्षण के लिए समर्पित था। उन्होंने बाबा रुद्रू डेरे में पाठशाला को महाविद्यालय में परिवर्तित करवाया, जहाँ वेद, शास्त्री और आचार्य की शिक्षा दी जाती है। इसके अलावा स्वामी ने संस्कृत और वेदों पर शोध के लिए एक शोध अनुसंधान केंद्र की स्थापना की और आश्रम में दुर्लभ ग्रंथों का संकलन कर विराट संस्कृत साहित्य का पुस्तकालय भी स्थापित किया।

प्रोफेसर रांगड़ा ने यह भी कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को हमेशा स्वामी का शाश्वत स्नेह और आशीर्वाद मिलता रहा है। उनके निधन से सभी के लिए यह अत्यंत दुखद और असहनीय क्षण है। उनके जीवन की स्मृतियाँ अब मानवता के लिए एक शाश्वत मार्गदर्शक के रूप में बनी रहेंगी।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से प्रोफेसर वीर सिंह रांगड़ा ने स्वामी सुग्रीवानंद जी महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की।