वाराणसी : जानकी नगर में सिल्ट छोड़ने पर महापौर नाराज, 24 घंटे में उठाने के दिए निर्देश
-खाली प्लॉट में कचरा देख नोटिस देने को कहा, सप्ताहव्यापी स्वच्छता महा-अभियान
वाराणसी, 26 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर में चलाए जा रहे सप्ताहव्यापी महा-अभियान के तहत रविवार शाम महापौर अशोक कुमार तिवारी ने सरायनंदन वार्ड स्थित जानकी नगर कॉलोनी का निरीक्षण किया। इस दौरान सफाई व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर उन्होंने निगम के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने देखा कि सीवर की सफाई तो कर दी गई है, लेकिन उसकी सिल्ट को सड़क पर ही छोड़ दिया गया है। इससे स्थानीय निवासियों को आवागमन में भारी असुविधा हो रही थी। इस पर नाराजगी जताते हुए महापौर ने निर्देश दिए कि सीवर सफाई के 24 घंटे के भीतर हर हाल में सिल्ट का उठाव सुनिश्चित किया जाए। कॉलोनी के निरीक्षण के दौरान एक खाली प्लॉट में बड़ी मात्रा में कूड़ा डंप देख महापौर ने नाराजगी जाहिर की।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्लॉट धारक को तत्काल नोटिस जारी किया जाए। इसके अलावा, स्थानीय लोगों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए महापौर ने जानकी नगर में दो स्पीड ब्रेकर बनवाने के भी आदेश दिए। निरीक्षण के दौरान भाजपा पार्षद मदन मोहन तिवारी, श्याम आसरे मौर्य, अतुल पांडेय व राजकुमार, अपर नगर आयुक्त सविता यादव और मुख्य अभियंता आरके सिंह भी मौजूद रहे।