खेतों से चैंपियनशिप तक : किसान का बेटा शिवराज बना योगासन का गोल्डन बॉय
खेतों से चैंपियनशिप तक : किसान का बेटा शिवराज बना योगासन का गोल्डन बॉय
मीरजापुर, 07 फ़रवरी । जिगना क्षेत्र के बौंता विशेषर गांव के किसान परिवार से निकलकर शिवराज बिंद ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर दिया। असम में आयोजित छठवीं नेशनल योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में शिवराज ने ट्रेडिशनल एवं आर्टिस्ट सोलो सुपर सीनियर वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
एक से पांच फरवरी तक धीमाजी टाउन के कोर्ट फील्ड में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के श्रेष्ठ खिलाड़ियों ने भाग लिया। शिवराज बिंद की दमदार प्रस्तुति ने निर्णायकों को प्रभावित किया और उन्हें दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक से नवाजा गया। पदक वितरण समारोह में फेडरेशन के अध्यक्ष डॉ. शशिकांत जैन, महासचिव डी.के. शर्मा, चेयरमैन रमेश लोहान और डायरेक्टर गौतम सरकार ने शिवराज को सम्मानित किया।
शिवराज की इस उपलब्धि पर पिता बनवारीलाल बिंद, माता रामकली सहित प्रधान शोभनाथ बिंद, मनोज पाठक, विद्या सरोज, दिलीप बिंद, अमलेश, पंकज, आशीष कुमार और पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। खेल प्रेमियों ने कहा कि यह सफलता ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा है।