यूपी में 27 नवंबर तक मौसम रहेगा शुष्क, पूर्वांचल में घने कोहरे की संभावना

यूपी में 27 नवंबर तक मौसम रहेगा शुष्क, पूर्वांचल में घने कोहरे की संभावना

यूपी में 27 नवंबर तक मौसम रहेगा शुष्क, पूर्वांचल में घने कोहरे की संभावना

प्रयागराज, 21 नवंबर । उत्तर प्रदेश में अगले सात दिनों तक मौसम के शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में 21 और 22 नवंबर को हल्की बारिश अथवा बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। वहीं, सुबह के समय कई स्थानों पर हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने 22 और 23 नवंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाने की संभावना जताई है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से शनिवार को जारी मौसम पूर्वानुमान बुलेटिन के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 21 से 27 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने की बहुत अधिक संभावना है। इस दौरान सुबह के समय कहीं-कहीं छिछला से मध्यम कोहरा छा सकता है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 21 नवंबर को कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। सुबह के समय कहीं-कहीं छिछला कोहरा भी छा सकता है। 22 नवंबर को भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने तथा 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, 23 नवंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि सुबह के समय कहीं-कहीं मध्यम कोहरा छा सकता है। 24 से 27 नवंबर तक पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान सुबह के समय कुछ स्थानों पर हल्का कोहरा छाया रह सकता है।

सुबह के कोहरे को लेकर रहें सतर्क

चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार, मौसम में बदलाव के साथ सुबह और रात के तापमान में गिरावट का असर महसूस होने लगा है। अगले कुछ दिनों तक सुबह के समय कोहरा छाने की स्थिति बनी रह सकती है। ऐसे में सुबह जल्दी यात्रा करने वाले लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए। वाहन चलाते समय गति नियंत्रित रखें और कोहरे में फॉग लाइट का इस्तेमाल करें। किसानों को भी मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखकर कृषि कार्य करने की सलाह दी गई है।