कानपुर में ट्रेन से कटकर विवाहिता की मौत, मां ने जताई हत्या की आशंका; पति पर लगाए गंभीर आरोप
कानपुर में ट्रेन से कटकर विवाहिता की मौत, मां ने जताई हत्या की आशंका; पति पर लगाए गंभीर आरोप
कानपुर, 22 नवंबर । उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में कल्याणपुर थाना क्षेत्र में रविवार को एक विवाहिता ने पति के सामने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। ट्रेन की चपेट में आने से उसका सिर धड़ से अलग हो गया। पत्नी को ट्रेन के आगे कूदता देख पति वहां से चला गया। कुछ देर बाद उसने फोन कर सास को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की पहचान कल्याणपुर निवासी सिमरन (28) के रूप में हुई है। उसकी शादी अमन कुमार से हुई थी, जो आईआईटी में प्रोजेक्ट असिस्टेंट है। दोनों की चार साल की बेटी है। मौके पर पहुंची सिमरन की मां रमा देवी ने कहा कि उनकी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती। उन्होंने उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई।
उन्होंने बताया कि सिमरन और अमन के बीच नौवीं कक्षा से प्रेम संबंध थे। दोनों ने परिवार की मर्जी के खिलाफ 11 नवंबर 2019 को शादी की थी। मां का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल में छोटी-छोटी बातों पर विवाद होने लगा था। सिमरन के साथ मारपीट भी की जाती थी। इससे परेशान होकर वह करीब छह महीने पहले बेटी के साथ मायके आई थी। करीब 15 दिन पहले अमन ने अपनी तबीयत खराब होने की बात कहकर उसे वापस बुला लिया था।
आज अमन ने फोन कर सिमरन के ट्रेन के आगे कूदने की जानकारी दी। इसके बाद वह परिवार के साथ मौके पर पहुंचीं। वहां बेटी का शव पड़ा था।
घटना के बाद सिमरन की चार साल की बेटी अनुभा अपनी नानी से बार-बार मां को बुलाने के लिए कहती रही। वह पूछ रही थी कि उसकी मां कहां है और उसे वापस बुला दो।
डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। अभी परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने और जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।