कानपुर में गौकशी के वांछित आरोपित से पुलिस की मुठभेड़, पैर में लगी गोली

रेल बाजार क्षेत्र में शिवनारायण टंडन पुल के पास हुई मुठभेड़, पुलिस ने घायल आरोपित को गिरफ्तार कर अस्पताल में कराया भर्ती

कानपुर में गौकशी के वांछित आरोपित से पुलिस की मुठभेड़, पैर में लगी गोली

कानपुर, 22 नवंबर । उत्तर प्रदेश के कानपुर में रेलबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत रविवार को गौकशी की घटना में वांछित आरोपित और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। शिवनारायण टंडन पुल के पास घेराबंदी के दौरान आरोपित ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल आरोपित को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया।

पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि आज सुबह रेलबाजार पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि फेथफुलगंज में हुई गौकशी की घटना में वांछित आरोपित शिवनारायण टंडन पुल के पास मौजूद है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया तो उसने पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपित के बाएं पैर में गोली लगी।

घायल आरोपित की पहचान मोहम्मद मुजम्मिल कुरैशी उर्फ मीम निवासी पचरोजा, जाजमऊ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, 60 रुपये, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपित ने अपने भाई एहतिशाम के साथ मिलकर 17/18 नवंबर की रात आजाद पार्क, फेथफुलगंज के पास गौकशी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। घायल आरोपित का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। उपचार के बाद उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।