cm-yogi-mother-savитri-devi-condolence-sampurnanand-university

cm-yogi-mother-savитri-devi-condolence-sampurnanand-university

cm-yogi-mother-savитri-devi-condolence-sampurnanand-university

वाराणसी, 22 नवंबर । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताश्री सावित्री देवी के निधन पर सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिवार ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। रविवार को विश्वविद्यालय परिसर में कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा के नेतृत्व में शोक सभा आयोजित की गई। इस दौरान दिवंगत पुण्यात्मा की स्मृति में श्रद्धासुमन अर्पित कर मुख्यमंत्री एवं उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की गई।

शोक सभा में कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि माताश्री के निधन से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उनके समस्त परिवार को हुई क्षति अपूरणीय है। इस दुःख की घड़ी में मैं अपनी गहन शोक संवेदना एवं आत्मीय सहानुभूति व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा कि मां का विछोह जीवन की सबसे गहन वेदनाओं में से एक है, जिसकी अनुभूति को शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। मां केवल जन्मदात्री ही नहीं, बल्कि संतान के अस्तित्व की आधारशिला, संस्कारों की प्रथम प्रेरणास्रोत और स्नेह एवं वात्सल्य की अनंत धारा होती है। वह जीवन-पथ की मौन पथप्रदर्शिका बनकर संतान के व्यक्तित्व का निर्माण करती है।

उन्होंने कहा कि इस दुःखद घड़ी में सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिवार की कामना है कि माताश्री के स्नेह, त्याग, तपस्या और संस्कारों की प्रेरणा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आत्मिक संबल प्रदान करती रहे। उनके द्वारा दिए गए जीवन-मूल्य मुख्यमंत्री के लोकसेवा, सत्यनिष्ठा और समाज के प्रति दायित्वबोध को निरंतर प्रेरित करते रहें।

कुलपति प्रो. शर्मा ने काशी की पावन आध्यात्मिक धरा से आराध्य बाबा श्री काशी विश्वनाथ एवं भगवान श्रीहरि विष्णु के श्रीचरणों में प्रार्थना की कि वे दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं सद्गति प्रदान करें तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके समस्त परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति, धैर्य एवं आत्मिक संबल प्रदान करें।