मुलायम सिंह यादव की जयंती पर प्रयागराज में सपा ने दोहराया सामाजिक न्याय का संकल्प, जरूरतमंदों में बांटे कंबल और फल
जिला और महानगर कार्यालयों में श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित, विभिन्न क्षेत्रों में फल, शॉल, वस्त्र और शैक्षिक सामग्री का वितरण
प्रयागराज, 22 नवंबर )। समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती पर रविवार को प्रयागराज में जिला और महानगर कार्यालयों सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। सपा नेताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी और उनके राजनीतिक योगदान को याद किया। इस दौरान सामाजिक न्याय की लड़ाई जारी रखने और पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।
जार्जटाउन स्थित जिला कार्यालय और चौक स्थित महानगर कार्यालय में आयोजित गोष्ठियों की संयुक्त अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अनिल यादव और महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन ने की। वक्ताओं ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने डॉ. राममनोहर लोहिया की समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए पिछड़ों, वंचितों और कमजोर वर्गों को राजनीतिक भागीदारी दिलाई। समाजवादी और आंबेडकरवादी विचारधारा के साथ सामाजिक न्याय की स्थापना करना पार्टी का लक्ष्य है।
गोष्ठी में पूर्व सांसद धर्मराज पटेल, विधायक हाकिम लाल बिंद और संदीप पटेल, पूर्व विधायक डॉ. बृजभान यादव, बासुदेव यादव, इंजीनियर जगदीश यादव और पार्टी प्रवक्ता दान बहादुर मधुर सहित अन्य नेताओं ने विचार रखे।
जयंती पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सेवा कार्यक्रम भी हुए। लोकनाथ चौराहे पर फल वितरित किए गए। शहर पश्चिमी में मयंक यादव जोंटी ने जरूरतमंदों को कंबल बांटे। नीम सराय और कॉलवान अस्पताल में मरीजों को फल वितरित किए गए। शहर उत्तरी में संदीप यादव ने संगम किनारे दूध बांटा, जबकि दारागंज की मलिन बस्ती के बच्चों को कॉपी-पेंसिल दी गई। नैनी वृद्धाश्रम में फल और कॉटन मिल तिराहे पर जरूरतमंद महिलाओं को शॉल वितरित किए गए।
शांतिपुरम में श्रमिकों को हलवा और जरूरतमंदों को कंबल बांटे गए। मेजा के भड़ेवरा में नरेंद्र सिंह ने श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रतापपुर के सरायूपट्टी में मुसहर बस्ती के लोगों को वस्त्र और कंबल दिए गए, जबकि बारा के गौहनिया में बाटी-चोखा कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रमों में नंदलाल पटेल, संतलाल वर्मा, तहजीब अली, शोएब खां, महबूब उस्मानी, कमला यादव, निशा शुक्ला, संगमलाल मौर्य, अरविंद केसरवानी, संजीव यादव, मंसूर आलम, गीता भारतीय, नरेंद्र पाल और सऊद अहमद सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।