दो साल बाद पिता से मिला बेटा, वीडियो कॉल पर देखते ही छलके आंसू; प्रयागराज कुंभ में बिछड़े बुजुर्ग को पुलिस ने मिलाया

दो साल बाद पिता से मिला बेटा, वीडियो कॉल पर देखते ही छलके आंसू; प्रयागराज कुंभ में बिछड़े बुजुर्ग को पुलिस ने मिलाया

दो साल बाद पिता से मिला बेटा, वीडियो कॉल पर देखते ही छलके आंसू; प्रयागराज कुंभ में बिछड़े बुजुर्ग को पुलिस ने मिलाया

हरिद्वार, 19 नवंबर  पुलिस के सत्यापन अभियान ने दो साल से अपने परिवार से बिछड़े एक बुजुर्ग को अपनों से मिलाने में अहम भूमिका निभाई है। प्रयागराज कुंभ में स्नान के दौरान परिवार से बिछड़े बिहार निवासी बुजुर्ग को एएचटीयू और कलियर पुलिस की संयुक्त टीम ने कलियर क्षेत्र से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। दो साल से पिता की तलाश कर रहे बेटे ने जब वीडियो कॉल पर उन्हें देखा तो उसकी आंखें भर आईं। पिता को सामने देखकर बेटा भावुक हो गया और पुलिस का आभार जताया।

पुलिस के अनुसार, कोतवाली कलियर क्षेत्र में चलाए जा रहे सत्यापन अभियान के दौरान संयुक्त टीम में शामिल कांस्टेबल मुकेश कुमार को कलियर शरीफ दरगाह परिसर में जूता स्टॉल के पास करीब 65 वर्षीय एक बुजुर्ग लोगों से खाने-पीने की चीजें और पैसे मांगते हुए मिले। पुलिस ने उनसे पूछताछ की तो उन्होंने खुद को बिहार के औरंगाबाद जिले के थाना कुटुम्बा क्षेत्र का निवासी बताया। बुजुर्ग ने बताया कि वह करीब दो साल पहले प्रयागराज कुंभ में गांव के लोगों के साथ स्नान करने गए थे।

इसी दौरान वह अपने परिवार और साथियों से बिछड़ गए थे। इसके बाद से इधर-उधर भटक रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने बिहार के कुटुम्बा थाने से संपर्क किया। बुजुर्ग का नाम और फोटो भेजकर उनके बताए पते का सत्यापन कराया गया। संबंधित थाना प्रभारी के प्रयासों से परिजनों का पता लगाया गया और वीडियो कॉल के माध्यम से बुजुर्ग की उनके बेटे से बात कराई गई।

वीडियो कॉल पर पिता को देखते ही उनका बेटा अंकित भावुक हो गया। उसने पुलिस को बताया कि उनके पिता गांव के लोगों के साथ प्रयागराज कुंभ में स्नान करने गए थे, जहां से अचानक लापता हो गए थे। परिवार ने दो वर्षों तक उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी थी।

पिता के मिलने की सूचना मिलते ही बेटा तत्काल ट्रेन से हरिद्वार पहुंचा और वहां से कलियर आया। दो साल बाद पिता को सामने देखकर बेटा उनसे लिपटकर रो पड़ा। भावुक बेटे ने उत्तराखंड पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए पूरी पुलिस टीम का आभार जताया।

इसके बाद पुलिस ने बुजुर्ग को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) में उप निरीक्षक के पद पर तैनात उनके बेटे अंकित और अन्य परिजनों के सुपुर्द कर दिया। एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस के इस मानवीय प्रयास की सराहना हो रही है।