महंगाई के दौर में प्रयागराज को राहत, सांसद उज्ज्वल रमण सिंह ने लॉन्च किए ‘जन:’ और ‘भारत ब्रांड’ उत्पाद
बाजार से सस्ता आटा, चावल और प्याज! प्रयागराज में ‘भारत ब्रांड’ उत्पादों की शुरुआत
प्रयागराज, 15 नवंबर । भीषण महंगाई के दौर में आम आदमी की पहुंच से रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुएं दूर होती जा रही हैं। ऐसे में राष्ट्रीय उपभोक्ता सहकारी संघ (एनसीसीएफ) की ओर से ‘जन:’ और ‘भारत ब्रांड’ के उत्पाद किफायती दरों पर उपलब्ध कराने की पहल सराहनीय है। इससे आम उपभोक्ताओं को महंगाई से कुछ राहत मिलेगी।
यह बातें इलाहाबाद के सांसद उज्ज्वल रमण सिंह ने रविवार को अशोक नगर में एनसीसीएफ के ‘जन:’ और ‘भारत ब्रांड’ उत्पादों का शुभारंभ करते हुए कहीं।
उन्होंने कहा कि महंगाई के कारण बाजार और दुकानों से ग्राहक गायब हो रहे हैं। आम लोगों को राहत देने के उद्देश्य से उन्होंने एनसीसीएफ की लखनऊ शाखा के सहयोग से प्रयागराज में इस पहल की शुरुआत कराई है। इसके माध्यम से लोगों को जरूरी खाद्य सामग्री उचित कीमत पर उपलब्ध हो सकेगी।
सांसद ने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट के कारण कैंसर और पेट संबंधी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। इस समस्या पर रोक लगाने के लिए छोटे-छोटे प्रयास जरूरी हैं। एनसीसीएफ सीधे किसानों से खरीद कर उपभोक्ताओं तक सामग्री पहुंचाने का प्रयास कर रहा है। इससे किसानों के हितों की रक्षा के साथ उपभोक्ताओं को मिलावट से दूर गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
सांसद प्रतिनिधि विनय कुशवाहा ने बताया कि इस पहल के तहत भारत आटा 32 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से 10 किलोग्राम के पैक में और भारत चावल 35 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से 10 किलोग्राम के पैक में उपलब्ध होगा। प्याज की कीमत 35 रुपये प्रति किलोग्राम निर्धारित की गई है। वहीं, ‘जन:’ ब्रांड के तहत एनसीसीएफ की ओर से दैनिक उपयोग की अन्य उपभोक्ता सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस पहल से प्रयागराज के लोगों को आटा, चावल, प्याज और अन्य जरूरी वस्तुएं बाजार की तुलना में किफायती दरों पर मिल सकेंगी।
कार्यक्रम में एनसीसीएफ के प्रोजेक्ट मैनेजर मेजर अभिनाश पाण्डेय, ब्रांच मैनेजर शशि झा, सांसद प्रतिनिधि विनय कुशवाहा, देवी पाण्डेय, मोईन हबीबी, हर्षित पाण्डेय, मोहम्मद शारिक, शिवराम यादव और संदीप विश्वकर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।