2022 के चुनाव में लिखा जाएगा सपा के पतन के इतिहास का उपसंहार : सिद्धार्थ नाथ
सपा मुखिया के सैलाब वाले ट्वीट पर योगी के मंत्री का पलटवार

लखनऊ, 28 अक्टूबर। सैलाब का क्या भरोसा ? डुबोती है और किनारे भी लगाती है। प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में अंतिम रूप से किसे डूबना है, यह प्रदेश की जनता बाखूबी जानती है। अंतिम रूप से डूबने तक कुछ लोग आत्ममुग्ध रहें। आत्मसंतोष के लिए इसी तरह सैलाब देखें और उनकी लहरें गिनते रहें।
यह बातें उत्तर प्रदेश सरकार के प्रवक्ता और कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने गुरुवार को जारी एक बयान में कही। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के पतन का इतिहास तो उसी दिन से लिखा जा रहा है, जबसे कुछ लोग ‘घरफोड़वा’ हो गए। 2022 के चुनाव में तो सपा के पतन के इतिहास का उपसंहार लिखा जाएगा। इस उपसंहार में आपके बारे में क्या लिखा जाएगा, आपको भी पता है।
सपा मुखिया अखिलेश यादव पर तंज करते हुए योगी के मंत्री ने कहा कि जहां तक महागठबंधन की बात है तो इससे पहले भी अखिलेश यादव बुआ मायावती और कांग्रेस के राजकुमार से गठबंधन कर चुनाव लड़ चुके हैं। क्या हश्र हुआ उन्हें पता है। इस बार उससे भी बुरा हश्र होगा।
मालूम हो कि अखिलेश ने अपने एक ट्वीट में लिखा है कि, ‘हलधरपुर का जन सैलाब, लिख देगा नया इतिहास।’
सिद्धार्थनाथ ने कहा कि आजमगढ़ में गुरुवार को दिया गया अखिलेश यादव का भाषण तो झूठ का पुलिंदा है। वह खुद अपनी पार्टी को किसी एजेन्सी या दुकान की तरह चलाते हैं। अगर उन्होंने इतना ही विकास किया और जनता के इतने ही हमदर्द रहे तो जनता सपा को 2014 से चुनाव दर चुनाव क्यों खारिज कर रही है ?