प्रयागराज में साइबर ठगी के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का खुलासा, बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले दो गिरफ्तार
प्रयागराज में साइबर ठगी के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का खुलासा, बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले दो गिरफ्तार
प्रयागराज, 23 नवंबर थाईलैंड, लाओस, चीन और कंबोडिया से संचालित साइबर ठगी के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले दो आरोपितों को प्रयागराज साइबर क्राइम थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे। इसके बाद कमीशन लेकर ये खाते विदेश में बैठे साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। पुलिस जांच में ऐसे खातों के जरिए देश के विभिन्न राज्यों में दर्ज 52 साइबर शिकायतों में करीब 56.04 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है।
पुलिस उपायुक्त गंगानगर एवं साइबर अपराध के नोडल अधिकारी सोनम कुमार ने सोमवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के साहा उर्फ पीपलगांव निवासी महेश पाल और गांजा गांव निवासी सौरभ सिंह पटेल के रूप में हुई है। दोनों को सोमवार को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से एक एंड्रॉयड और एक की-पैड मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
डीसीपी ने बताया कि आरोपित ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, नौकरी दिलाने और अधिक कमाई का लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे। इसके बाद खाताधारकों से चेकबुक, एटीएम कार्ड और इंटरनेट बैंकिंग की गोपनीय जानकारी हासिल कर खाते अपने नियंत्रण में ले लेते थे। उनके मोबाइल फोन में ओटीपी फॉरवर्डर एप इंस्टॉल कर दिया जाता था, जिससे बैंक लेनदेन के दौरान आने वाले ओटीपी विदेश में बैठे साइबर अपराधियों तक पहुंच जाते थे।
इन खातों का इस्तेमाल डिजिटल अरेस्ट, पार्ट टाइम नौकरी, निवेश, लोन और एपीके फाइल के जरिए होने वाली साइबर ठगी में किया जाता था। ठगी की रकम खातों में मंगाने के बाद क्रिप्टो करेंसी यूएसडीटी के माध्यम से भारत में सक्रिय एजेंटों को कमीशन दिया जाता था। गिरफ्तार दोनों आरोपित भी खाते उपलब्ध कराने के बदले कमीशन लेते थे।
इस मामले में साइबर क्राइम थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस पूर्व में अमन रस्तोगी, प्रांजल रस्तोगी, सनी सिंह और विवेक जायसवाल को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब दो और गिरफ्तारियों के बाद गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है। गिरफ्तार आरोपितों के नाम पश्चिम बंगाल के बैरकपुर जिले के भाटपारा थाने में दर्ज एक अन्य साइबर अपराध के मुकदमे में भी सामने आए हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी अनजान व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, चेकबुक, इंटरनेट बैंकिंग की जानकारी या ओटीपी साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में साइबर क्राइम थाना प्रभारी राघवेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक विनोद यादव, मुख्य आरक्षी मुकेश कुमार, सुंधाशु शेखर राय और विवेक सिंह यादव