सपा प्रत्याशी डॉ. मानसिंह यादव ने पत्नी के साथ किया मतदान, प्रयागराज में 152 बूथों पर वोटिंग शुरू
इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए सुबह 8 बजे से मतदान; पुलिस की टीमें तैनात, शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
प्रयागराज, 23 अक्टूबर ।इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए शुक्रवार सुबह प्रयागराज में मतदान शुरू हो गया। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी एमएलसी डॉ. मानसिंह यादव ने सुबह आठ बजे धूमनगंज के कंपोजिट विद्यालय हरवारा स्थित मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उनकी पत्नी डॉ. प्रभा यादव ने भी मतदान किया। मतदान के बाद डॉ. मानसिंह यादव ने सोशल मीडिया पर मतदान करते हुए अपनी तस्वीर साझा की।
जनपद में मतदान के लिए कुल 152 बूथ बनाए गए हैं। मतदान शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। मतदान केंद्रों पर निगरानी रखी जा रही है, ताकि मतदाता बिना किसी परेशानी के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
सुरक्षा के लिए टीमें लगातार निगरानी कर रहीं
पुलिस उपायुक्त नगर सागर जैन ने बताया कि स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं, ताकि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।