विराट किसान मेला का हुआ शुभारम्भ, कृषि जागरूकता और तकनीकी सत्रों पर जोर

विराट किसान मेला का हुआ शुभारम्भ, कृषि जागरूकता और तकनीकी सत्रों पर जोर

विराट किसान मेला का हुआ शुभारम्भ, कृषि जागरूकता और तकनीकी सत्रों पर जोर

महाकुम्भ नगर, 22 फ़रवरी (हि.स.)। विराट किसान मेला का शुभारम्भ महाकुम्भ सेक्टर-9 में किया गया। पांच दिवसीय इस मेले के प्रथम दिवस पर कृषि सूचना तंत्र के सुदृढ़ीकरण एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी, नवीनतम कृषि तकनीकों का प्रशिक्षण और किसानों के हित में कार्यरत विभागों के स्टॉल्स प्रदर्शित किए गए।

कार्यक्रम का उद्घाटन शनिवार को उप कृषि निदेशक प्रयागराज ने किया। जिन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, फार्म मशीनरी बैंक, सोलर पंप और नमामि गंगे परियोजना जैसी विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में किसानों को जानकारी दी।

तकनीकी सत्र के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र नैनी, प्रयागराज के वैज्ञानिक डॉ. शिशिर कुमार ने उर्द, मूंग और सूरजमुखी की खेती तथा बीज शोधन की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह, वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केंद्र, कौशाम्बी ने ग्रीनहाउस एवं पॉलीहाउस में सब्जी उत्पादन की तकनीक और उद्यान विभाग द्वारा संचालित अनुदान योजनाओं की जानकारी दी। डॉ. प्रवीण चरन, निदेशक प्रसार, शुआट्स, नैनी ने बांस की खेती की 'बांसुरी विधि' के तकनीकी पहलुओं पर प्रकाश डाला। डॉ. शैलेंद्र कुमार सिंह, शुआट्स, नैनी ने आम और अमरूद की आधुनिक खेती एवं बागवानी प्रबंधन पर जानकारी दी। डॉ. मदन सेन, शुआट्स, नैनी ने कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने की विधियों और जैविक खेती के महत्व पर चर्चा की। उन्होंने भूमि में जैविक कार्बन की मात्रा बढ़ाने क लिए फसल अवशेषों के प्रबंधन के उपाय भी सुझाए।

इस मेले में कृषि से सम्बंधित विभिन्न विभागों और संस्थाओं द्वारा कुल 33 स्टॉल्स लगाए गए, जहां किसानों को नवीनतम कृषि उपकरणों, तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। करीब 1500 किसानों और कृषि विभाग के विभिन्न अनुभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया।